Mandla News: मंडला में बनेगा टाइगर सफारी जू, दो कॉलेज भी खोले जाएंगे

मंडला में बनेगा टाइगर सफारी जू, दो कॉलेज भी खोले जाएंगे
सीएम डॉ मोहन यादव ने 9 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को वितरित किया 36 करोड़ का बोनस

डिजिटल डेस्क,मंडला। मंडला के खैरी मेडिकल कॉलेज के पास आयोजित तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि वितरण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कान्हा टाइगर रिजर्व टाइगर देखने के लिए पर्यटक विदेश और अन्य राज्यों से आते हैं लेकिन उन्हें टाइगर नहीं दिखता है तो वे मायूस होते हैं, यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मंडला में टाइगर सफारी जू बनाया जाएगा।

जिससे पर्यटकों की जिज्ञासा का समाधान होगा और लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं सीएम ने मोहगांव और घुघरी में महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मंडला में वनोपज के लिए प्रोसेसिंग यूनिट भी लगाई जाएगी।

मंडला में सीएम डॉ मोहन यादव ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को 36 करोड़ 17 लाख से अधिक की बोनस राशि वितरण किया, जिससे 9 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहक लाभान्वित हुए। वहीं कार्यक्रम के दौरान 84 वन समितियों के सदस्यों को 26 करोड़ 56 लाख से अधिक का काष्ठ लाभांश भी वितरित किया।

इसके अलावा 205 करोड़ की लागत के 27 कार्यो का लोकार्पण और 264 करोड़ की लागत के 47 कार्यो का भूमिपूजन कुल 469 करोड़ की लागत के 74 कार्यो का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री दिलीप जयसवाल, पीएचई मंत्री संपतिया उइके, सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा मौजूद रहे।

Created On :   4 Oct 2026 6:57 PM IST

Tags

Next Story