UP Voter List 2027: यूपी में वोटर लिस्ट की तारीखों में बदलाव, 17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट लिस्ट, जानें पूरा शेड्यूल

यूपी में वोटर लिस्ट की तारीखों में बदलाव, 17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट लिस्ट, जानें पूरा शेड्यूल
उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट के स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) की अब नई तारीखों का ऐलान हो गया है। चुनाव आयोग 17 नवंबर, 2026 को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी करेगा।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट के स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) की अब नई तारीखों का ऐलान हो गया है। चुनाव आयोग 17 नवंबर, 2026 को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी करेगा। इसके बाद 16 दिसंबर तक मतदाता दावे-आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। फिर 28 दिसंबर तक इनका निपटारा किया जाएगा। आखिर में आयोग 4 जनवरी, 2027 को फाइनल मतदाता सूची जारी करने वाला है।

बदलाव पर राज्य आयोग ने क्या कहा?

यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से अर्हता तिथि 1 जनवरी, 2027 के आधार पर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की वोटर लिस्ट के स्पेशल समरी रिवीजन 2027 की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है।

उनके मुताबिक, संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, हटवाने अथवा किसी प्रविष्टि में संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर, 2026 तक निर्धारित की गई है। लोगों से मिले दावे और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर, 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 जनवरी, 2027 को ही किया जाएगा।

सभी जिलों के लिए जारी किए निर्देश

एसएसआर की तारीखों में किए गए बदलाव को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। इनमें बताया गया है कि संशोधित समय-सारिणी का समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए व्यापक तौर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके साथ ही सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के राजनीतिक दलों को भी इस संशोधित कार्यक्रम से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इसके अलावा सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित कार्रवाई समयबद्ध और प्रभावी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने लोगों से की अपील

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने राज्य के पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे पुनरीक्षण अवधि के दौरान अपनी और अपने परिवार के सदस्यों की मतदाता सूची में एंट्री की जांच जरूर करा लें। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पात्र मतदाता का नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए निर्धारित अवधि में जरूर आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक छूट न जाए।

Created On :  

Tags

Next Story