वसुंधरा चौकी धमाका: पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर शक, 40 आईपी वाले वीपीएन से भेजा गया ई-मेल

पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर शक, 40 आईपी वाले वीपीएन से भेजा गया ई-मेल
धमाके की जांच पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क तक पहुंच रही है। एनआईए शहजाद भट्टी और तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान की भूमिका खंगाल रही है। जिम्मेदारी लेने वाले ई-मेल में इस्तेमाल वीपीएन के कारण एजेंसियों को वास्तविक आईपी एड्रेस नहीं मिल सका है।

डिजिटल डेस्क, गाजियाबाद। उत्तरप्रदेश में गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके के तार पाकिस्तान के आतंकी समूह से जुड़े पाए जा रहे है, जांच एजेंसियों का कहना है कि 6 नवंबर को हुए धमाके की जांच पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क तक पहुंच रही है।

धमाके के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 'गाजी-2' नाम के अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट कर संगठन ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। बाद में इस अकाउंट को डिलीट कर दिया गया। एजेंसियों के मुताबिक यह आतंकी संगठन पहली बार जांच के दायरे में आया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इसका गठन 2023 के अंत में हुआ था और इसमें कश्मीर के कुछ युवाओं को कथित तौर पर भर्ती किया गया।

जांच एजेंसियां स्थानीय मददगारों और संदिग्ध संपर्कों की पहचान में जुटी हैं। शहजाद भट्टी का नाम पहले भी कौशांबी में जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किए गए लोगों से जुड़ा था। आरोप है कि उसका नेटवर्क रेलवे स्टेशनों और संवेदनशील स्थानों की निगरानी कर सूचनाएं पाकिस्तान भेजता था। पुलिस चौकियों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की कथित रणनीति को देखते हुए एजेंसियां पुराने मामलों, जासूसी नेटवर्क और स्थानीय संपर्कों के बीच कड़ियां तलाश रही हैं।

जांच एजेंसियां पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क की भूमिका खंगाल रही हैं। एनआईए की शुरुआती जांच में धमाके की जिम्मेदारी लेने वाले संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान के भट्टी से जुड़े होने की आशंका सामने आई है। साथ ही मामले में आईएसआई की फंडिंग का एंगल भी जांच के दायरे में है।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अधिकारियों के मुताबिक, धमाके की जिम्मेदारी लेने के लिए भेजे गए ई-मेल में खास तरह के वीपीएन का इस्तेमाल किया गया। इसमें एक साथ 40 आईपी एड्रेस उपलब्ध होते हैं। ऐसे में एजेंसियों को अब तक ई-मेल का वास्तविक आईपी एड्रेस नहीं मिल सका है। सुरक्षा एजेंसियां डिजिटल फुटप्रिंट और ई-मेल के स्रोत की पड़ताल कर रही हैं। जांच में अब तक न तो घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं और न ही विस्फोटक के इस्तेमाल को लेकर ठोस साक्ष्य सामने आए हैं। हालांकि, एनआईए ने धमाके में पोटेशियम क्लोरेट के इस्तेमाल की आशंका जताई है।

Created On :  

Tags

Next Story