Jammu & Kashmir News: किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या, भाजपा ने कार्रवाई की मांग की, फारूक बोले- आतंकवाद बरकरार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ जंग के बीच किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के शव मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल उठ रहे हैं। भाजपा नेताओं ने आतंकियों को करारा जवाब देने की बात कही है, वहीं फारूक अब्दुल्ला ने चेताया कि आतंकवाद खत्म होने के दावों के बावजूद खतरा बरकरार है।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में लापता हुए दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के शव बरामद होने के बाद राजनीतिक दलों ने घटना की कड़ी निंदा की है। बीजेपी विधायक शगुन परिहार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि कश्मीर में आतंकवाद अब भी मौजूद है और इसे खत्म करने के लिए ठोस रास्ते तलाशने होंगे।
शगुन परिहार ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इन SPO की वजह से गांवों के लोग सुरक्षित महसूस करते हैं। आतंकियों ने जिस तरह वारदात को अंजाम दिया है, उसकी कड़े शब्दों में निंदा करती हूं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सुरक्षा बलों पर भरोसा जताते हुए कहा कि दोनों जवानों की मौत का जल्द बदला लिया जाएगा। परिहार ने बताया कि वह घटनास्थल के लिए रवाना हो रही हैं।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में शांति स्थापित करने की कोशिशों के बीच हताश आतंकी अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने दोनों SPO को अगवा किए जाने और बाद में उनके शव मिलने पर दुख जताया। शर्मा ने उम्मीद जताई कि सुरक्षा बल जल्द ही आतंकियों को मार गिराकर किश्तवाड़ समेत पूरे जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद का सफाया करेंगे।
इस बीच, कुलगाम में CRPF चौकी पर हुए आतंकी हमले को लेकर फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि आतंकवाद कभी कामयाब नहीं हो सकता। उन्होंने उन लोगों पर भी निशाना साधा, जो आतंकवाद खत्म होने का दावा करते हैं। फारूक ने कहा कि खतरा अभी बना हुआ है, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है। कश्मीर भारत का हिस्सा था, है और रहेगा।
Created On :  

