Punjab News: अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी निकली फर्जी! लॉरेंस गैंग के नाम पर हरियाणा के कॉलर ने धमकाया

डिजिटल डेस्क, मोहाली। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को मिली जान से मारने की धमकी फर्जी निकली है। आज यानि गुरुवार को दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि लॉरेंस गैंग ने अरविंद केजरीवाल को धमकाया है।
जरनैल सिंह के मोबाइल पर एक अज्ञात शख्स ने वॉट्सऐप मैसेज किया था, जिसमें उसने खुद को लॉरेंस विश्नोई गैंग का सदस्य बताया था। इसके बाद आप विधायक ने मोहाली के साइबर क्राइम थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
'नहीं तो जान से मार दूंगा..'
आप विधायक के मुताबिक, 6 नवंबर 2026 को शाम करीब 6 बजे उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल और वॉट्सऐप मैसेज आया। वॉट्सऐप प्रोफाइल पर '~ $H' नाम दिख रहा है।
अज्ञात शख्स ने अपने मैसेज में लिखा, 'मैं लॉरेंस गैंग से बोल रहा हूं, अरविंद केजरीवाल को बोल दे 7 करोड़ दे दे नहीं तो वो और उसकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मार दूंगा।'
यह भी पढ़े -जंतर मंतर के लिए निकलते ही, दिल्ली पुलिस की हिरासत में अरविंद केजरीवाल, आप के अन्य नेता भी डिटेन
पुलिस को सौंपा स्क्रीनशॉट
विधायक ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आईपी लॉग और लोकेशन ट्रेस करने की मांग की है। साथ ही उसके सहयोगियों की पहचान कर गिरफ्तारी और केजरीवाल व उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। शिकायत के साथ धमकी भरे व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशॉट भी सौंपा गया है।
जनरैल सिंह की शिकायत पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में 7 नवंबर 2026 को रात 9:16 बजे FIR दर्ज की गई। अज्ञात कॉलर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 308(4) (फिरौती के लिए मौत या गंभीर चोट का भय दिखाना), 351(2), 351(3), 351(4) (आपराधिक धमकी), 111(2) (संगठित अपराध) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मामला दर्ज किया गया।
फर्जी निकली धमकी
न्यूज एजेंसी आईएएनएस (IANS) के मुताबिक, मोहाली पुलिस की पड़ताल में धमकी फर्जी पाई गई है। एजेंसी के अनुसार धमकी लॉरेंस गैंग के नाम पर हरियाणा के रोहतक के एक कॉलर ने वॉट्सऐप के जरिए दी थी। हालांकि, मोहाली पुलिस की तरफ से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Created On :  

