UP Election News: NDA में सीट बंटवारे पर राजभर का बड़ा बयान, अखिलेश को भी दे डाला चैलेंज

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति तेज हो गई है। इस बीच योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सीट शेयरिंग को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि NDA गठबंधन में विधानसभा सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है। इस पर फैसला चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद लिया जाएगा।
यह भी पढ़े -ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी पर अखिलेश की प्रतिक्रिया, 'वोटों की ठेकेदारी' खत्म होने की जताई उम्मीद
सीटों के बंटवारे पर क्या कहा?
सुहेलदेव पार्टी को लेकर चर्चा हो रही है कि वह 25 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर रही है। इस पर उनका कहना है कि यह सिर्फ अटकलें हैं। अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होने पहुंचे ओपी राजभर ने कहा कि अभी चुनाव की तारीखों का ऐलान ही नहीं हुआ है, ऐसे में सीटों के बंटवारे की बात करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने आगे कहा कि समय आने पर इस मामले में आपसी बैठक के बाद फैसला लिया जाएगा।
सपा नेता आजम खान को लेकर क्या बोले?
सपा नेता आजम खान गाजियाबाद की जेल में बंद हैं और यहां उनसे शिवपाल यादव ने मुलाकात की। इस पर राजभर का कहना है कि इसका कोई राजनीतिक लाभ समाजवादी पार्टी को नहीं मिलने वाला है। साथ ही उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद भी दोनों नेताओं का प्रभाव काफी कम हो गया है। अब उनकी यह मुलाकात सिर्फ एक-दूसरे को ढांढस बंधाने तक सीमित है।
अखिलेश यादव को दिया न्योता
आगामी चुनाव को लेकर उनका कहना है कि सुभासपा विकास और सामाजिक न्याय के मुद्दों के साथ लोगों के बीच पहुंचेगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 36 सीटों की सूची सार्वजनिक कर दी है। उनके इस दावे को राजभर ने राजनीतिक शगूफा करार दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि वह अपनी परंपरागत विधानसभा सीट जहूराबाद से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव को भी इस सीट से चुनाव लड़ने का न्योता दिया।
Created On :  


