महाराष्ट्र पॉलिटिक्स: NCP के विलय की अटकलों पर सुप्रिया सुले का दो टूक जवाब, कहा - भाई गया, मेरे लिए यह विषय खत्म

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के एक होने की चर्चाओं के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अब शरद पवार की बेटी और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने इन अटकलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने विलय को लेकर किसी भी तरह का प्रस्ताव मिलने से इनकार किया। साथ ही अपने भाई अजित पवार का जिक्र करते हुए कहा कि उनके जाने के बाद यह मुद्दा उनके लिए खत्म हो चुका है।
सुप्रिया सुले ने NCP के संभावित विलय से जुड़े सवाल पर कहा कि आखिर किन दो पार्टियों के एक होने की बात की जा रही है? उन्हें इस संबंध में कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि एकीकरण को लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है। कौन किससे मुलाकात कर रहा है और इसके पीछे क्या वजह है, इस पर वह ध्यान नहीं देना चाहतीं।
उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि जिस दिन उनका भाई चला गया, उसके दो दिन बाद जो घटनाक्रम हुआ, उसके बाद उनके लिए यह अध्याय समाप्त हो गया। सुले ने यह भी कहा कि अजित पवार ने इस विषय पर उनसे बातचीत की थी और उस समय की परिस्थितियों के बारे में पूरी दुनिया जानती थी।
यह भी पढ़े -उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय रेल मंत्री को लिखा पत्र, अनंतनाग स्टेशन पर वंदे भारत के स्थायी ठहराव की मांग की
NCP विलय पर रोहित पवार ने भी अटकलों को किया खारिज
NCP के दोनों गुटों के एक साथ आने की चर्चाओं पर विधायक रोहित पवार ने भी अपना रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि पार्टी में विलय को लेकर कोई बातचीत नहीं चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक बीजेपी के साथ गठबंधन कायम है, तब तक दोनों गुटों के विलय का सवाल नहीं उठता।
रोहित पवार ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें कहा गया था कि उनके बिना NCP के दोनों गुटों का एक होना संभव नहीं है। रोहित के मुताबिक, इस तरह का बयान सत्ता के अहंकार को दिखाता है।
यह भी पढ़े -JNU के यौन शोषण आरोपी...डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को चुनाव कमेटी की जिम्मेदारी देने पर भाजपा ने साधा निशाना
शरद पवार से मुलाकात के बाद दिया था बयान
इससे पहले सोमवार को रोहित पवार ने अपने दादा और NCP प्रमुख शरद पवार से उनके आवास पर मुलाकात की थी। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने दोनों गुटों के बीच विलय की किसी भी तरह की चर्चा होने से इनकार किया था।
रोहित पवार ने कहा था कि न तो शरद पवार और न ही सुप्रिया सुले ने पार्टी के विलय या गठबंधन को लेकर कोई बातचीत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की खबरों के जरिए एक खास राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
Created On :  

