Congress Overseas Chief Sam Pitroda: PM मोदी की दिवाली शुभकामनाओं पर सैम पित्रोदा ने जताया आभार, कहा - धन्यवाद नरेंद्र भाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिवाली की शुभकामनाएं मिलने के बाद ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने उनका आभार जताया है। पित्रोदा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर पीएम मोदी को धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री और उनके परिवार के लिए भी सुख, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
सैम पित्रोदा ने अपने संदेश में लिखा, 'शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद नरेंद्र भाई। हम भी आपको शुभकामनाएं देते हैं। आपके आने वाले वर्षों के स्वस्थ रहने की कामना करते हैं।'
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने सैम पित्रोदा के एक वीडियो को रिपोस्ट करते हुए उन्हें दिवाली और नए साल की बधाई दी थी। पीएम ने अपने संदेश में लिखा था, 'आपको, सैम भाई और अंजना बेन को दीपावली और नूतन वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रार्थना है कि आने वाला साल आपके लिए खुशियों भरा और स्वस्थ रहे।'
यह भी पढ़े -ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी पर अखिलेश की प्रतिक्रिया, 'वोटों की ठेकेदारी' खत्म होने की जताई उम्मीद
पीएम मोदी को लेकर क्या बोले थे सैम पित्रोदा?
प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं से पहले सैम पित्रोदा ने एक वीडियो जारी कर नरेंद्र मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों और राजनीतिक विचारों को लेकर बात की थी। उन्होंने पीएम मोदी को अपना अच्छा गुजराती दोस्त बताते हुए कहा था कि वह एक इंसान के तौर पर उनका सम्मान करते हैं।
पित्रोदा के मुताबिक, वह और उनकी पत्नी प्रधानमंत्री से मुलाकात कर चुके हैं। व्यक्तिगत मुलाकातों के दौरान मोदी का व्यवहार उनके प्रति अच्छा, दयालु और स्नेहपूर्ण रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री को मेहनती और प्रभावशाली वक्ता भी बताया।
सैम पित्रोदा ने कहा कि उनके और पीएम मोदी के बीच कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है। दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह कई बार प्रधानमंत्री के घर जा चुके हैं और मोदी का उनके प्रति हमेशा गर्मजोशी भरा रवैया रहा है।
यह भी पढ़े -पंजाब में AAP की दूसरी सूची आज, 20 उम्मीदवारों का होगा ऐलान, कई मंत्रियों को मिल सकता है टिकट
विचारधारा को लेकर पीएम मोदी से असहमति
पित्रोदा ने व्यक्तिगत संबंधों और राजनीतिक विचारधारा के बीच अंतर बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति उनके मन में कोई व्यक्तिगत दुर्भावना नहीं है। उनकी आपत्ति मोदी के दुनिया को देखने के नजरिए और उनकी विचारधारा से है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति से व्यक्तिगत संबंध अच्छे होने का मतलब यह नहीं है कि उसके सभी विचारों से सहमति भी हो। पित्रोदा के अनुसार, वह प्रधानमंत्री से राजनीतिक और वैचारिक असहमति रखते हुए भी उनके साथ बैठ सकते हैं, बातचीत कर सकते हैं और भोजन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी असहमति किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि विचारधारा से है।
Created On :  

