महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026: भोपाल में महाकुंभ का भव्य आगाज, मलेशिया से भिड़ रही भारत की टीम

भोपाल में महाकुंभ का भव्य आगाज, मलेशिया से भिड़ रही भारत की टीम
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार, 19 नवंबर से महिला हॉकी के रोमांचक मुकाबलों का आगाज हो गया है। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 'मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026' की शुरुआत हुई।

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार, 19 नवंबर से महिला हॉकी के रोमांचक मुकाबलों का आगाज हो गया है। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 'मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026' की शुरुआत हुई। टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग मौजूद रहे।

इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में एशिया की छह शीर्ष महिला हॉकी टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें मेजबान भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें शामिल हैं। टूर्नामेंट के पहले ही दिन दर्शकों को भारतीय टीम का मुकाबला देखने का मौका मिल रहा है। मेजबान और गत चैंपियन भारतीय महिला हॉकी टीम अपने पहले मैच में मलेशिया के खिलाफ मैदान में उतरी है।

खिताब की हैट्रिक पर भारत की नजर

भारतीय महिला हॉकी टीम इस बार सलीमा टेटे की कप्तानी में टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही है। टीम का लक्ष्य लगातार तीसरी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम करना है। गत चैंपियन होने के चलते भारतीय टीम से घरेलू मैदान पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। हालांकि, चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसी मजबूत एशियाई टीमें भी खिताब की दौड़ में शामिल हैं। ऐसे में टूर्नामेंट के दौरान कड़े मुकाबले देखने को मिल सकते हैं।

28 नवंबर को खेला जाएगा फाइनल

यह टूर्नामेंट 19 से 28 नवंबर तक राउंड-रॉबिन प्रारूप में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी छह टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। लीग चरण के बाद 27 नवंबर को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे, जबकि खिताबी भिड़ंत 28 नवंबर को खेली जाएगी।

खास बात यह है कि हॉकी प्रेमियों और खेल प्रशंसकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। इससे अधिक से अधिक दर्शक मैदान में पहुंचकर भारतीय टीम का उत्साह बढ़ा सकेंगे। भोपाल में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से शहर को महिला हॉकी के बड़े आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है।

Created On :  

Tags

Next Story