SAFF Championship 2026: फाइनल में भारत की धमाकेदार जीत, पाकिस्तान को 2-1 से रौंदकर रचा इतिहास, रिकॉर्ड 10वीं बार बना चैंपियन

फाइनल में भारत की धमाकेदार जीत, पाकिस्तान को 2-1 से रौंदकर रचा इतिहास, रिकॉर्ड 10वीं बार बना चैंपियन
भारतीय फुटबॉल टीम ने रोमांचक फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर सैफ चैंपियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। इसके साथ ही भारत ने यह खिताब जीतने की हैट्रिक भी पूरी कर ली है।

डिजिटल डेस्क, ढाका। भारतीय फुटबॉल टीम ने रोमांचक फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर सैफ चैंपियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। इसके साथ ही भारत ने यह खिताब जीतने की हैट्रिक भी पूरी कर ली है। इससे पहले वह 2015, 2021 और 2023 में चैंपियन बना था।

10वीं बार जीता खिताब

अभी तक हुए सैफ चैंपियनशिप के 16 इवेंट्स में से 10 भारतीय टीम ने जीते हैं। वह 1993, 1997, 1999, 2005, 2009, 2011, 2015, 2021 और 2023 में चैंपियन बनी थी। अब 2026 संस्करण का विजेता बनकर टीम ने इतिहास रच दिया है।

ऐसा रहा मैच का हाल

बांग्लादेश की राजधानी ढाका के नेशनल स्टेडियम में हुए इस मैच की शुरुआत में पाकिस्तान टीम ने अटैकिंग खेल दिखाया। मुकाबले के पहले आधे घंटे में पाकिस्तान टीम का दबदबा देखने को मिला। इस दौरान पाकिस्तान की तरफ से लगाए गए 9 में से 2 शॉट निशाने पर लगे। वहीं, भारतीय टीम केवल दो ही शॉट लगा सकी, जिसमें एक भी निशाने पर नहीं लगा। टीम ने गोल करने के कई मौके भी बनाए, लेकिन वो ऐसा करने में असफल रही।

पहले हॉफ के इंजरी टाइम में पाकिस्तान की तरफ से पहला गोल किया गया। टीम के अलमगीर गाजी ने 45+1वें मिनट में शानदार गोल लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

भारत ने 59वें मिनट में मैच में वापसी की। पाकिस्तान के जुनैद शाह को ब्रिसन फर्नांडिस पर खतरनाक टैकल करने की वजह से रैफरी ने रेड कार्ड दिखाया। इसके बाद पाकिस्तान टीम ने 11 की जगह 10 खिलाड़ियों के साथ खेला। भारतीय टीम ने इसका फायदा उठाया, अगले ही मिनट में सुहैल अहमद भट ने गोल करके स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया।

इसके बाद भारतीय टीम ने मैच में अपना दबदबा बनाए रखा। 88वें मिनट में संदीप नंदी ने गोल करके भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। यह गोल निर्णायक साबित हुआ और टीम इंडिया ने मैच को 2-1 से अपने नाम कर लिया।

Created On :  

Tags

Next Story