Nagpur News: नागपुर में बढ़ रहा अविवाहित मातृत्व का प्रमाण, मेडिकल हॉस्पिटल में महीनेभर में 21 मामले

नागपुर में बढ़ रहा अविवाहित मातृत्व  का प्रमाण, मेडिकल हॉस्पिटल में महीनेभर में 21 मामले
  • 21 में से 17 नाबालिग, सालभर में 200 से अधिक मामले आने की जानकारी
  • संवादहीनता, जागरूकता की कमी और सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव
  • ग्रामीण, स्लम और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अधिक मामले सामने आने का दावा

Nagpur News नागपुर में अविवाहित मातृत्व के मामले सामाजिक चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मेडिकल) के स्त्री रोग व प्रसूति शास्त्र विभाग में अक्टूबर महीने में 21 अविवाहित युवतियों ने बच्चों को जन्म दिया। इनमें 17 नाबालिग (18 वर्ष से कम आयु) और 4 बालिग थीं। सूत्रों के अनुसार, मेडिकल में सालभर में ऐसे 200 से अधिक मामले सामने आते हैं। यह स्थिति किशोरियों की सुरक्षा, परिवारों में संवाद की कमी और बदलती जीवनशैली से जुड़ी गंभीर सामाजिक चुनौती की ओर संकेत करती है।

मेडिकल के स्त्री रोग व प्रसूति शास्त्र विभाग की समाजसेवा अधीक्षक फिरदोस खान इन युवतियों की जानकारी लेकर उनकी समस्याओं को समझने और समुपदेशन का काम करती हैं। उनके साथ बातचीत के दौरान कई मामलों में ऐसी परिस्थितियां सामने आती हैं, जिनके पीछे सामाजिक, मानसिक, शैक्षणिक और तकनीकी कारण होते हैं। कई बार भावनात्मक असुरक्षा, शोषण और सही मार्गदर्शन का अभाव भी इसकी वजह बनता है।

चुप्पी, जागरूकता की कमी और संवादहीनता का परिणाम

समाज में आज भी लैंगिक स्वास्थ्य, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों और गर्भनिरोधक उपायों पर खुलकर बात करने से परहेज किया जाता है। जानकारी के अभाव में किशोर-किशोरियों को असुरक्षित शारीरिक संबंधों के परिणाम और अनचाहे गर्भधारण के जोखिमों की पर्याप्त समझ नहीं होती। उन्हें यह भी पता नहीं होता कि सुरक्षित उपायों और परामर्श के लिए कहां संपर्क करना चाहिए।

समाज के तानों, बदनामी के डर और चिकित्सकों के सामने संकोच के कारण कई किशोरियां समय पर स्वास्थ्य सेवाएं और सही मार्गदर्शन नहीं ले पातीं। परिवारों में माता-पिता और बच्चों के बीच संवाद की कमी, तनावपूर्ण घरेलू माहौल और व्यसन जैसी परिस्थितियां भी किशोरियों को भावनात्मक सहारे की तलाश में घर से बाहर जाने के लिए प्रेरित करती हैं। कई बार उनकी इस कमजोरी का गलत फायदा उठाया जाता है।

सोशल और डिजिटल दुनिया के आकर्षण से बढ़ रहा खतरा

कम उम्र में स्मार्टफोन और इंटरनेट की आसान उपलब्धता ने किशोरों को अश्लील सामग्री और अपरिपक्व उम्र में रिश्तों के आकर्षण के करीब ला दिया है। कई मामलों में नाबालिग लड़कियों की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू होती है। आभासी दुनिया के प्रभाव और भावनाओं में बहकर लिए गए फैसले बाद में गंभीर संकट का रूप ले लेते हैं।

दोस्तों का दबाव और आधुनिक या कूल दिखने की चाह भी किशोर-किशोरियों को परिणामों की परवाह किए बिना शारीरिक संबंधों की ओर धकेल सकती है। वहीं, कई मामलों में नाबालिग लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर, शादी का झांसा देकर या दबाव बनाकर उनका यौन शोषण किया जाता है। कुछ मामलों में परिचितों द्वारा माता-पिता को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर भी शोषण किए जाने की परिस्थितियां सामने आती हैं। ऐसे में कमजोर आर्थिक और सामाजिक पृष्ठभूमि की किशोरियों को दोहरे जोखिम का सामना करना पड़ता है।

पिछड़े और घनी आबादी वाले इलाकों में मामले अधिक

अनुभव के आधार पर बताया जाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों, शहरी स्लम और घनी आबादी वाली बस्तियों में ऐसे मामले अधिक देखने को मिलते हैं। जिन इलाकों में शिक्षा का स्तर कम है या किशोरियों की पढ़ाई बीच में छूट जाती है, वहां जोखिम बढ़ जाता है। आर्थिक रूप से कमजोर और कामकाजी परिवारों में बच्चों की निगरानी तथा उचित मार्गदर्शन की कमी भी इस समस्या को गंभीर बनाती है।

फिरदोस खान के अनुसार, इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्कूलों और कॉलेजों में उम्र के अनुरूप वैज्ञानिक एवं संवेदनशील लैंगिक शिक्षा दी जानी चाहिए। इसके साथ ही माता-पिता को बच्चों के साथ मैत्रीपूर्ण संवाद बनाए रखना होगा, ताकि वे बिना किसी डर या संकोच के अपनी समस्याएं साझा कर सकें।


Created On :  

Tags

Next Story