Mumbai News: महाराष्ट्र में रबी फसल की बुआई धीमी, अब तक सिर्फ 26 फीसदी क्षेत्र में हुई फसल की बुआई

Mumbai News राज्य में मानसून के बाद बारिश की कमी और खेतों में पर्याप्त नमी नहीं होने का असर अब रबी सीजन की बुआई पर दिखाई देने लगा है। राज्य में 20 नवंबर तक रबी फसलों की बुआई महज 15.31 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हुई है। यह राज्य के पांच साल के औसत बुआई क्षेत्र 57.80 लाख हेक्टेयर का लगभग 26 फीसदी कम है। पिछले साल इसी तारीख तक 23.56 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुआई हो चुकी थी, जो औसत क्षेत्र का लगभग 41 फीसदी था। यानी इस साल पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब 8.25 लाख हेक्टेयर कम क्षेत्र में बुआई हुई है। यह राज्य में कम बारिश और पानी की कमी के चलते हुआ है।
कृषि विभाग के मिले आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र में रबी फसलों का पांच साल का औसत बुआई क्षेत्र 57.80 लाख हेक्टेयर है। पिछले रबी सीजन में अंतिम तौर पर बुआई का क्षेत्र 67.54 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा था। लेकिन इस साल 20 नवंबर तक बुआई की स्थिति पिछले साल के मुकाबले कमजोर है। अगर आगामी दिनों में बारिश, सिंचाई और खेतों में नमी की स्थिति अनुकूल नहीं रही, तो बुआई की रफ्तार और प्रभावित हो सकती है।
यह भी पढ़े -मेटा ऑफिस में तोड़फोड़ पर यूथ कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई, मुंबई में 4 नेताओं पर केस, हिरासत में 21 प्रदर्शनकारी
पिछले साल के मुकाबले 8.25 लाख हेक्टेयर कम बुआई : रबी सीजन में बुआई के लिए नवंबर का समय महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दौरान गेहूं, चना, ज्वार और अन्य रबी फसलों की बुआई तेजी से होती है। लेकिन इस साल 20 नवंबर तक राज्य में 15.31 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में ही बुआई हो पाई है। फसलवार आंकड़ों के अनुसार रबी ज्वार की बुआई औसत क्षेत्र के लगभग 33 फीसदी तक पहुंची है। गेहूं की बुआई करीब 14 फीसदी और मक्का की बुआई लगभग 37 फीसदी तक हुई है। अन्य रबी अनाज फसलों की बुआई भी जारी है।
कोल्हापुर विभाग बुआई में सबसे आगे : विभागवार आंकड़ों में कोल्हापुर औसत बुआई क्षेत्र की तुलना में सबसे आगे है। यहां रबी बुआई औसत क्षेत्र के लगभग 38 फीसदी तक पहुंची है। अन्य संभागों में बुआई की स्थिति अलग-अलग है। राज्य के सभी संभागों में बुआई की गति पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले प्रभावित दिखाई दे रही है। कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल रबी बुआई की स्थिति खेतों में उपलब्ध नमी, सिंचाई और मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।
यह भी पढ़े -फिल्म इंडस्ट्री में लगातार मिल रहीं धमकियों से दहशत, बड़े-छोटे सभी कलाकारों की सुरक्षा की मांग
Created On :  

