Nagpur News: हार्डवेयर कारोबारी को 23 लाख का चूना, पांच कर्मचारियों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

हार्डवेयर कारोबारी को 23 लाख का चूना, पांच कर्मचारियों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
  • बिलों में हेराफेरी कर माल की मात्रा घटाई, कुछ बिलों के स्टेटमेंट भी किए रद्द
  • सेल्स मैनेजर और अकाउंटेंट की मिलीभगत का आरोप

Nagpur News कारोबार में विश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी माना जाता है, लेकिन इसी भरोसे का फायदा उठाकर एक हार्डवेयर एवं मशीनरी कारोबारी को 23 लाख रुपये की चपत लगाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान में काम करने वाले सेल्स मैनेजर और अकाउंटेंट सहित पांच लोगों ने कथित तौर पर आपस में मिलीभगत कर माल की बिक्री से जुड़े बिलों में हेराफेरी की। बिलों में माल की मात्रा कम दर्शाने के साथ कुछ बिलों के स्टेटमेंट भी रद्द कर दिए गए। तहसील पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात का मामला दर्ज किया है।

क्या है मामला : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अरुणकुमार शिवकुमार अग्रवाल (51), निवासी कैनाल रोड, रामदासपेठ, हार्डवेयर एवं मशीनरी ट्रेडिंग का व्यवसाय करते हैं। गांधीबाग के लाल इमली चौक में उनका कार्यालय है। उनके कार्यालय में अक्षय नंदेश्वर (35), निवासी सदर, विदर्भ क्षेत्र का सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उसका विदर्भ में कृषि सामग्री और इलेक्ट्रिकल सामान का कारोबार करने वाले व्यापारियों के साथ संपर्क था। वह शिकायतकर्ता की दुकान के लिए ऑर्डर लाने का काम करता था। इसके अलावा मिथुन वंजारी (30) और मोहिस देशमुख (30) दुकान में सेल्स मैनेजर के रूप में कार्यरत थे, जबकि रुहीना खान (30) और संजना लोखंडे (23), निवासी लकड़गंज, अकाउंटेंट के तौर पर काम करती थीं।

पुलिस के अनुसार, 1 मार्च से 20 अक्टूबर 2026 के बीच आरोपी अक्षय, मिथुन , मोहिस, रुहीना और संजना ने कथित तौर पर आपसी साठगांठ से गड़बड़ी को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने दुकान से भेजे गए माल के बिलों में हेरफेर कर उसकी वास्तविक मात्रा कम दिखाई गई। इतना ही नहीं, कुछ बिलों के स्टेटमेंट भी रद्द कर दिए गए। इस तरीके से आरोपियों ने कारोबारी के साथ विश्वासघात करते हुए अपने आर्थिक लाभ के लिए कुल 23 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। मामले में शिकायत मिलने के बाद तहसील पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2), 335 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक संदीप भिताडे मामले की जांच कर रहे हैं।


Created On :  

Tags

Next Story