History Of Visapur Fort: पर्यटक अपनी भाषा में जान सकेंगे विसापुर किले का इतिहास, ऑडियो गाइड सुविधा शुरू

पर्यटक अपनी भाषा में जान सकेंगे विसापुर किले का इतिहास, ऑडियो गाइड सुविधा शुरू

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ऐतिहासिक धरोहरों को आधुनिक डिजिटल तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) मुंबई मंडल की ओर से विसापुर किले पर 'ऑडियो गाइड सुविधा' का शुभारंभ किया गया। विश्व धरोहर सप्ताह के उपलक्ष्य में शुरू की गई इस पहल का मुख्य उद्देश्य किले के गौरवशाली इतिहास, अद्भुत स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विरासत की सटीक जानकारी को प्रभावी ढंग से देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाना है।

वरिष्ठ संरक्षण सहायक गजानन मंडावरे ने बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह के तहत एएसआई मुंबई मंडल द्वारा विभिन्न ऐतिहासिक स्मारकों पर ऑडियो गाइड सुविधा शुरू की जा रही है। इससे पर्यटकों का स्मारक भ्रमण का अनुभव अधिक समृद्ध, ज्ञानवर्धक और आकर्षक बनेगा। विशेष बात यह है कि यह सुविधा मराठी, हिंदी और अंग्रेजी इन तीन प्रमुख भाषाओं में उपलब्ध कराई गई है। इससे विभिन्न राज्यों और विदेशों से आने वाले सैलानियों को बिना किसी गाइड पर निर्भर रहे किले का इतिहास और वास्तुशिल्प की बारीकियां आसानी से समझने में मदद मिलेगी।

यह अभिनव उपक्रम एएसआई मुंबई मंडल के अधीक्षण पुरातत्वविद अभिजीत एस. आंबेकर के दूरदर्शी मार्गदर्शन और प्रेरणा से क्रियान्वित किया जा रहा है। ऐतिहासिक विरासतों के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक तकनीक के माध्यम से आम जनमानस को इतिहास से जोड़ने की उनकी सोच से ऐसे नवाचारों को निरंतर बढ़ावा मिल रहा है।

शुभारंभ कार्यक्रम में गढ़ संवर्धन समिति के सदस्यों के साथ लोहगढ़ गांव के सरपंच सोमनाथ बैकर, महेंद्र बैकर, जिला परिषद सदस्य गणेश धनिवले, ग्राम पंचायत सदस्य अभिषेक बैकर तथा लोहगढ़-घेरावाड़ी के तुकाराम बैकर व बालू भोरडे विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा अजय धनिवले, सचिन बोरडे पाटिल, लोहगढ़-विसापुर विकास मंच के सचिन टेकवडे व उनकी पूरी टीम, गढ़ संवर्धन के लिए कार्यरत स्वयंसेवक, शिवप्रेमी और बड़ी संख्या में इतिहास व विरासत के अभ्यासक उपस्थित थे।

लोहगढ़-विसापुर विकास मंच के सचिन टेकवडे और उनकी टीम ने एएसआई की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से किले पर आने वाले पर्यटकों और शिवप्रेमियों को अपनी भाषा में प्रामाणिक ऐतिहासिक जानकारी सहजता से मिल सकेगी, जिससे पर्यटन का अनुभव और अधिक आनंददायी होगा। उन्होंने इसके लिए विभाग का आभार भी जताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में निकांत कुमार, सागर धनकुडे, विनोद कुमार सहित पुरातत्व विभाग के कर्मचारियों ने विशेष योगदान दिया, जिसकी सभी ने प्रशंसा की।

Created On :  

Tags

Next Story