Pune News: सूखे की मार से मावल के 'इंद्रायणी' चावल का उत्पादन 40% घटा, अब 20 से 25 रुपए प्रति किलो तक बढ़ेंगे दाम

भास्कर न्यूज। सुगंध और स्वाद के लिए देशभर में मशहूर मावल के 'इंद्रायणी' चावल पर इस साल सूखे की गंभीर मार पड़ी है। ऐन फसल में दाने भरने के समय बारिश के लंबे अंतराल के कारण मावल क्षेत्र में इंद्रायणी चावल के उत्पादन में 35 से 40 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। कई इलाकों में धान की फसलें सूख जाने से किसानों के साथ-साथ आम ग्राहकों की जेब पर भी सीधा असर पड़ने वाला है।
मिलावटखोर सक्रिय, सीधे किसानों से खरीदारी की सलाह
कृषि विभाग के अनुमान के मुताबिक, मावल क्षेत्र में हर साल औसतन 500 से 550 टन इंद्रायणी धान का उत्पादन होता है, जो इस बार घटकर महज 350 से 400 टन तक सिमट सकता है। उत्पादन में इस भारी गिरावट के कारण बाजार में इंद्रायणी चावल की किल्लत होने की आशंका है। वर्तमान में खुदरा बाजार में 65 से 70 रुपए प्रति किलो बिकने वाला इंद्रायणी चावल आने वाले दिनों में 20 से 25 रुपए प्रति किलो तक महंगा हो सकता है। इंद्रायणी चावल की संभावित कमी और बढ़ते दामों का फायदा उठाने के लिए बाजार में मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं। स्थानीय स्तर पर घटिया या अन्य किस्म के चावल में सुगंधित पाउडर मिलाकर उसे 'असली मावल इंद्रायणी' बताकर ऊंचे दामों पर बेचे जाने की चर्चा है। कृषि विभाग और प्रगतिशील किसानों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे मिलावट से बचने के लिए सीधे विश्वसनीय किसानों से ही चावल खरीदें और मिलावट की आशंका होने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) से शिकायत करें।
मावल तहसील में धान की स्थिति
मावल तहसील में कुल धान बुवाई क्षेत्र 13 हजार हेक्टेयर है। तहसील में कामशेत, वडगांव मावल, टाकवे बुद्रुक, घोणशेत, पवनानगर, नाणे, बेबडओहोल, इंदोरी आदि गावों में राईस मिलें है। वर्तमान में थोक या मिल स्तर पर खरीददारी के लिए इंद्रायणी राइस का प्रति किलो दाम 55 से 60 रुपये है। पिछले वर्ष यह भाव 35 रुपये प्रति किलो तक था। इस साल 20 से 25 रुपये प्रति किलो के हिसाब से भाव बढ़ने की संभावना है।
सूखे के कारण मावल के कई किसानों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे चावल के दाम बढ़ना तय है। कम उत्पादन के चलते कुछ व्यापारी अधिक मुनाफे के लिए इंद्रायणी चावल में मिलावट और सुगंधित पाउडर का उपयोग कर सकते हैं। ग्राहक सतर्क रहें और सीधे किसानों से ही चावल खरीदें।
Created On :  
