Pune News: वडार समाज का सर्वेक्षण पूरा, युवाओं की बेरोजगारी, स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दों पर दिया जाएगा जोर – विजय चौगुले

डिजिटल डेस्क, पुणे। वडार समाज की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक प्रगति अपेक्षित गति से नहीं हो पाई है। इसलिए समाज की लंबित मांगों के लिए सरकार के पास पैरवी करने के साथ-साथ समाज के युवाओं की बेरोजगारी, स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। वडार समाज के सभी घटकों को एक साथ लाकर संगठित शक्ति का निर्माण करने पर समाज को न्याय और विकास के अवसर दिलाए जा सकेंगे, ऐसा प्रतिपादन नवी मुंबई मनपा के नेता प्रतिपक्ष तथा पूर्व राज्यमंत्री विजय चौगुले ने किया।
वडार समाज की विभिन्न मांगों को लेकर येरवड़ा स्थित अण्णाभाऊ साठे सांस्कृतिक कला मंदिर में आयोजित संकल्प सम्मेलन में वे बोल रहे थे। इस अवसर पर चौगुले ने कहा कि वडार समाज को अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग में शामिल करने की मांग अब भी कायम है। समाज की विभिन्न मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए कोल्हापुर में राज्यस्तरीय महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस महासम्मेलन की पूर्व तैयारी के हिस्से के रूप में पुणे में संकल्प सम्मेलन आयोजित किया गया। इससे पहले सोलापुर में हुए सम्मेलन के माध्यम से वडार आर्थिक विकास महामंडल की स्थापना करने में सफलता मिली थी। उसी तर्ज पर कोल्हापुर के महासम्मेलन के माध्यम से समाज के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं को मंजूरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस सम्मेलन में राज्यभर से लाखों समाजबंधु उपस्थित रहेंगे।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अध्ययन केंद्र, विद्यार्थियों के लिए छात्रावास
वडार समाज के युवाओं को शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध हों, इसके लिए दिसंबर-जनवरी के दौरान सोलापुर में एमपीएससी और यूपीएससी की तर्ज पर प्रतियोगी परीक्षा अध्ययन केंद्र (अभ्यासिका) शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए छात्रावास भी बनाया जाएगा। इन उपक्रमों का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हाथों किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि वडार समाज के इतिहास, संस्कृति और भाषा का दस्तावेजीकरण करके समाज की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक भी जल्द ही प्रकाशित की जाएगी। इस अवसर पर पूर्व उपमहापौर मुकारी अलगुड़े, पूर्व नगरसेवक शारदा ओरसे, डॉ. कल्पना शिंदे, प्रदीप पवार, दिलीप कुसाले, संतोष मोहिते, साहेबराव सालुंखे उपस्थित थे।
Created On :  



