‌Bhandara News: मैट्रिमोनियल ऐप पर डॉक्टर बनकर 30 हजार ऐंठे दुर्घटना की झूठी सूचना देकर 20 हजार से ठगा

मैट्रिमोनियल ऐप पर डॉक्टर बनकर 30 हजार ऐंठे दुर्घटना की झूठी सूचना देकर 20 हजार से ठगा
पुणे और पालघर जिले से पकड़े गए आरोपी

Bhandara News फर्जी पहचान और झूठी जानकारी देकर ऑनलाइन आर्थिक ठगी करने के दो मामलों का भंडारा साइबर पुलिस ने खुलासा किया है। तकनीकी जांच के आधार पर पुणे और पालघर जिले के दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें कार्रवाई के दायरे में लाया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में ठगी गई पूरी 50 हजार रुपए की रकम बरामद कर शिकायतकर्ताओं को वापस दिलाई है।

पहले मामले में आरोपी ने मैट्रिमोनी ऐप पर फर्जी पहचान बनाकर शिकायतकर्ता से संपर्क किया। खुद को डॉक्टर बताकर उसका विश्वास जीता और अस्पताल शुरू करने का कारण बताकर फोनपे के माध्यम से 30 हजार रुपए ऐंठ लिए। साइबर पुलिस की जांच में पुणे जिले की मावल तहसील के इंदोरी निवासी सुनील गोपाल जाधव (35) की आरोपी के रूप में पहचान हुई। उसके पास से ठगी के 30 हजार रुपए और वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल जब्त किया गया।

दूसरे मामले में आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उसके मित्र के दुर्घटना में घायल होने की झूठी जानकारी दी। खुद को पेट्रोल पंप मालिक, एंबुलेंस चालक और पटवारी बताकर यूपीआई के माध्यम से 20 हजार रुपए ठग लिए। अपराध क्रमांक 09/2025 के तहत दर्ज मामले की जांच में पालघर जिले की मोखाडा तहसील के मोरचोंडी निवासी रविकांत मधुकर फसाले (33) की पहचान आरोपी के रूप में हुई। उसके पास से 4 हजार रुपए बरामद किए गए, जबकि शेष 16 हजार रुपए एमआरएम पोर्टल के माध्यम से शिकायतकर्ता को वापस दिलाए गए। यह कार्रवाई महिला पुलिस उपनिरीक्षक रुचिरा पात्रे, सहायक फौजदार राजेश गजभिये, हवलदार पराग राऊत, दिनेंद्र आंबेडारे, शैलेश बेदूरकर और चालक हवलदार विजय मदारकर की टीम ने की।

Created On :  

Tags

Next Story