Bhandara News: घर में घुसा बाघ, झूले में सो रहे 6 माह के मासूम को जबड़े में दबोचा, मौत
Bhandara News जिस मां की गोद में छह महीने पहले किलकारियां गूंजी थीं, उसी मां की आंखों के सामने उसका मासूम बेटा बाघ का शिकार बन गया। घर में मां रसोई में खाना बना रही थी और मासूम झूले में सो रहा था। इसी दौरान अचानक बाघ घर में घुसा और झूले से बच्चे को उठाकर ले जाने लगा। मां की चीख-पुकार सुनकर बाघ बच्चे को छोड़कर भाग गया, लेकिन तब तक मासूम गंभीर रूप से घायल हो चुका था और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
यह हृदयविदारक घटना पवनी तहसील के अड्याल क्षेत्र के तिर्री गांव में शुक्रवार, 13 नवंबर को शाम करीब 7 बजे हुई। मृत मासूम की पहचान अद्विक अभिमन बोंदरे (6 माह) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पवनी तहसील के अड्याल क्षेत्र के तिर्री गांव निवासी अभिमन बोंदरे के परिवार में दो बेटियां और छह महीने का बेटा अद्विक था। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे अद्विक झूले में सो रहा था, जबकि उसकी मां रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान बाघ अचानक घर में घुस आया और झूलेे में सो रहे बच्चे को अपने जबड़े में दबोच लिया।
अचानक हुए हमले से मां घबरा गई और जोर-जोर से चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर बाघ बच्चे को छोड़कर वहां से भाग गया। परिजन तत्काल बच्चे की ओर दौड़े, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर फैलते ही गांव के लोगों की घटनास्थल पर भीड़ उमड़ी। बच्चे की मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार का विलाप देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा सहित आगे की कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है।
एक सप्ताह में दूसरी दर्दनाक घटना : अड्याल क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बाघ की मौजूदगी की खबरें सामने आ रही हैं। तिर्री में छह महीने के मासूम की मौत ने जंगल से सटे गांवों में वन्यजीवों के हमले का खतरा फिर उजागर कर दिया है। इससे पहले 5 नवंबर को लाखांदुर तहसील के दोनाड गांव में तेंदुए के हमले में पांच साल के बच्चे की मौत हुई थी। एक सप्ताह के भीतर बच्चों पर वन्यजीवों के हमले की दूसरी घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है।
Created On :  





