Bhandara News: ड्रोन, ट्रैप कैमरों की मदद से आतंकी तेंदुए की तलाश तेज, मासूम को बनाया था शिकार

ड्रोन, ट्रैप कैमरों की मदद से आतंकी तेंदुए की तलाश तेज, मासूम को बनाया था शिकार
  • झूले में सो रहे छह माह के मासूम की ले ली थी जान
  • चार दिन से तिर्री में डेरा डाले हुए हैं 50 अधिकारी व कर्मचारी
  • तेंदुए के लिए 12 पिंजरों में रखा गया शिकार

Bhandara News घर के झूले में सो रहे छह माह के मासूम पर तेंदुए के हमले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शुक्रवार, 13 नवंबर की रात तिर्री गांव में हुई इस हृदयविदारक घटना के बाद आसपास के गांवों में भय और आक्रोश का माहौल है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए भंडारा वन विभाग के सहायक वनसंरक्षक सचिन निलख के नेतृत्व में अधिकारी और कर्मचारी पिछले चार दिनों से तिर्री तथा आसपास के क्षेत्रों में डेरा डाले हुए हैं। गांव में वन विभाग की टीम ने कैंप स्थापित किया है। करीब 50 अधिकारी और कर्मचारी इस अभियान में जुटे हैं। तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाने के लिए तीन ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है। शुरुआत में इस हमले के पीछे बाघ होने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन वन विभाग की प्रारंभिक जांच में तेंदुआ होने की पुष्टि हुई। इसके बाद तिर्री, मिन्सी, भिकारमिन्सी और शेगांव गांवों के आसपास तलाश अभियान तेज कर दिया गया है।

वन विभाग की टीमें गांव से सटे खेतों, झाड़ीदार जंगलों और वन्यजीव के संभावित ठिकानों की लगातार जांच कर रही हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने क्षेत्र में कुल 12 पिंजरे लगाए हैं। इन पिंजरों में शिकार रखा गया है, ताकि तेंदुआ पिंजरे में फंस सके। इसके अलावा आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए अलग-अलग स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों में तेंदुए की गतिविधियां कैद हुई हैं या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

वनकर्मी दिन-रात गश्त लगाकर उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। सहायक वनसंरक्षक सचिन निलख ने बताया कि वन विभाग की टीमें लगातार तेंदुए के पीछे लगी हुई हैं और उसे जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग की ओर से तलाशी अभियान में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जा रही है।

Created On :  

Tags

Next Story