Bhandara News: वाहन की नंबर प्लेट बदलकर रेत तस्करी 10 ब्रास रेत सहित 60.50 लाख का माल जब्त

Bhandara News वैनगंगा नदी से बिना अनुमति रेत निकालकर अवैध परिवहन करने वाले टिप्पर पर लाखांदुर पुलिस ने कार्रवाई की। 17 नवंबर को दोपहर करीब 1.30 बजे लाखांदुर-पवनी मार्ग पर कृषि उपज मंडी के सामने पुलिस ने टिप्पर को रोककर जांच की। इस दौरान वाहन की मूल नंबर प्लेट बदले जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने टिप्पर और उसमें भरी करीब 10 ब्रास रेत सहित कुल 60 लाख 50 हजार रुपये का माल जब्त किया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि वैनगंगा नदी तट से बिना किसी अधिकृत अनुमति के रेत निकालकर उसका परिवहन किया जा रहा है। इसके आधार पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में टिप्पर को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन की नंबर प्लेट में बदलाव किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से मूल नंबर छिपाने का संदेह जताया गया है।
जब्त टिप्पर की कीमत करीब 60 लाख रुपये और उसमें भरी 10 ब्रास रेत की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 60 लाख 50 हजार रुपये का माल जब्त किया गया। मामले में टिप्पर चालक अमरावती जिले के वरूड तहसील के करवार निवासी विवेक युवराज ताराम (23) और वाहन मालिक अमरावती के चपराशीपुरा निवासी मोहम्मद फहाद मोहम्मद फिरोज खान (25) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सहायक पुलिस निरीक्षक आशीष गंद्रे की शिकायत पर लाखांदुर पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज हुआ। मामले की आगे जांच की जा रही है।
Created On :  



