Pune News: रोहित के मन में बेचैनी होना स्वाभाविक, परंतु बेहतर है जांच निष्कर्ष का इंतजार करें, राकां सांसद सुप्रिया सुले की नसीहत

डिजिटल डेस्क, पुणे। अजित पवार के विमान दुर्घटना मामले में रोहित पवार ने आरोप लगाया है कि जिस विमान की वजह से दुर्घटना हुई, उस कंपनी के मालिक को बचाने की कोशिश की गई है। मालिक से सीएम देवेंद्र फडणवीस की नजदीकियां हैं। रोहित के आरोपों पर राकां (शरद) सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि रोहित पवार और अजित पवार के बीच करीबी रिश्ता था। इसलिए अजित दादा की दुर्घटना को लेकर रोहित के मन में बेचैनी होना स्वाभाविक है। हमें उनकी भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। परंतु जांच पूरी होकर सच्चाई सामने आना महत्वपूर्ण है। इसलिए हमें जांच निष्कर्ष का इंतजार किया जाना चाहिए। सुले बोलीं कि मेरा भाई गया है, यह हमारे लिए ब्रेकिंग न्यूज का विषय नहीं है। सभी को संवेदनशील रहना चाहिए, मैं हाथ जोड़कर विनती करती हूं।
यह भी पढ़े -महाविकास आघाड़ी में मतभेदों के बीच रोहित करेंगे अजित हादसे पर बड़ा खुलासा, परिसीमन विधेयक पर सुप्रिया के रुख से कांग्रेस-उद्धव गुट नाराज
मंगलवार को पुणे जिला कलेक्टर कार्यालय में बारामती लोकसभा क्षेत्र की समीक्षा बैठक के बाद सुले से जब मीडिया ने फडणवीस द्वारा विमान कंपनी के मालिक को बचाने का प्रयास करने के बारे में पूछा तो सुले बोलीं कि रोहित ने वास्तव में कौन से मुद्दे उठाए, यह वे देख नहीं पाईं। मंगलवार सुबह अखबारों के माध्यम से जानकारी मिली। रोहित द्वारा उठाए गए सवालों और 'जीरो एफआईआर' को लेकर उनकी असल मांग क्या है, यह वह उनसे बातचीत कर समझ लेंगी। किसी भी विषय पर पूरी जानकारी लिए बिना प्रतिक्रिया देना उचित नहीं होगा। जहां तक मामले को लेकर रोहित पवार की व्यग्रता की बात है तो रोहित और अजित दादा का रिश्ता बेहद करीबी था। इसलिए दुर्घटना को लेकर उनके मन में कई सवाल और बेचैनी होना स्वाभाविक है। उनकी भावनाओं का आदर किया जाना चाहिए। हालांकि, विमान दुर्घटना की जांच नागरिक उड्डयन मंत्रालय के दायरे में आती है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कल (सोमवार) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से समय-सीमा के भीतर और पारदर्शी तरीके से जांच कराने की मांग की है। इसलिए जांच पूरी होने और रिपोर्ट सामने आने का इंतजार करते हैं।
Created On :  

