Pimpri-Chinchwad News: धाराएं घटाने और चार्जशीट जल्दी दाखिल करने के लिए मांगी रिश्वत, लोनावला ग्रामीण थाने का पुलिस उपनिरीक्षक 20 हजार रुपए लेते पकड़ा गया

धाराएं घटाने और चार्जशीट जल्दी दाखिल करने के लिए मांगी रिश्वत, लोनावला ग्रामीण थाने का पुलिस उपनिरीक्षक 20 हजार रुपए लेते पकड़ा गया
मामले की धाराएं कम करने, जमानत में मदद करने और चार्जशीट जल्द दाखिल कराने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में लोनावला ग्रामीण पुलिस थाने में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक को पुणे एंटी करप्शन ब्यूरो ने पकड़ लिया।

डिजिटल डेस्क, पिंपरी-चिंचवड़। मामले की धाराएं कम करने, जमानत में मदद करने और चार्जशीट जल्द दाखिल कराने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में लोनावला ग्रामीण पुलिस थाने में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक को पुणे एंटी करप्शन ब्यूरो ने पकड़ लिया। पुलिस उपनिरीक्षक नाथा रामकिशन केकाण को सोमवार (16 नवंबर) शाम लोनावला में 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए हिरासत में लिया गया। आरोपी केकाण इससे पहले भी अलग-अलग समय पर 1.30 लाख रुपए ले चुका था।

एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता (33) के खिलाफ लोनावला ग्रामीण पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(ii), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज है। मामले की जांच पीएसआई केकाण कर रहे थे। शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया कि आरोपी ने मामले की धाराएं कम करने और जमानत में मदद करने के बदले उससे पहले 1.30 लाख रुपए लिए थे। इसके बाद 14 नवंबर को आरोपी ने शिकायतकर्ता के भाई के खिलाफ दर्ज अध्याय मामले में मदद करने, मौजूदा मामले की जांच में सहयोग करने और जल्द चार्जशीट दाखिल कराने के लिए 30 हजार रुपए की मांग की। शिकायत के आधार पर एसीबी ने 16 नवंबर को रिश्वत मांग की पुष्टि के लिए कार्रवाई की।

आरोपी ने पहले रकम लेने की बात स्वीकार की और संबंधित कामों के लिए 20 हजार रुपए लेने पर सहमति जताई। एसीबी ने जाल बिछाया। लोनावला में मेट्रो गार्डन के पास स्थित फूड कोर्ट में पंचों की मौजूदगी में आरोपी ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपए स्वीकार किए। शाम 7.15 बजे एसीबी की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत लोनावला शहर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।

Created On :  

Tags

Next Story