Bhopal News: 26 नवंबर को भोपाल में कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा मार्च, वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान की होगी शुरुआत

26 नवंबर को भोपाल में कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा मार्च, वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान की होगी शुरुआत
कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता कर बताया कि 26 नवंबर को भोपाल में विशाल संविधान रक्षा मार्च निकाली जाएगी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता कर बताया कि 26 नवंबर को भोपाल में विशाल संविधान रक्षा मार्च निकाली जाएगी। मार्च के जरिए वोट बचाओ–देश बचाओ और वोट रक्षक अभियान की शुरुआत होगी। इस मार्च में देश के सभी जिलों से कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिक करीब एक लाख की संख्या में शामिल होंगे।

नायक ने बताया कि इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेशभर में चरणबद्ध कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। अभियान के तहत 22 नवंबर तक सभी जिलों में बैठकें आयोजित कर हर बूथ पर कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा। मंडलम अध्यक्षों को प्रशिक्षित करने के साथ बीएलए, बूथ समिति सदस्यों और युवा कार्यकर्ताओं को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। 22 से 30 नवंबर तक वोट रक्षक बूथ स्तर पर हटाए गए मतदाताओं के नामों का सत्यापन करेंगे। इस कार्य की प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी तक पहुंचाई जाएगी। 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक सत्यापन के निष्कर्षों के आधार पर ग्राम स्तर पर वोट बचाओ–देश बचाओ चौपाल आयोजित की जाएंगी। इन चौपालों के जरिए आम नागरिकों को मताधिकार के लिए जागरूक करेंगे।

अभियान में हर दिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे। नायक ने प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा प्रभारियों, ब्लॉक और मंडलम अध्यक्षों के साथ मोर्चा-संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों से अपील की है कि वे अभियान को गंभीरता से लेते हुए हर बूथ तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करें।

Created On :  

Tags

Next Story