RNTU Yogasana Championship: 500 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया योगासन कौशल, आरएनटीयू में राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप संपन्न

500 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया योगासन कौशल, आरएनटीयू में राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप संपन्न
आरएनटीयू में तीन दिन तक चला योगासन का मुकाबला, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

भोपाल। योगासन अब केवल स्वास्थ्य और अभ्यास तक सीमित नहीं, बल्कि खेल के रूप में भी युवाओं के लिए नई संभावनाएं खोल रहा है। इसी दिशा में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) और मध्य प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 7वीं मध्य प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 का सफल आयोजन हुआ। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 500 से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में योगासन का प्रदर्शन करते हुए शारीरिक संतुलन, लचीलापन, एकाग्रता और अभ्यास के प्रति समर्पण का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में 14 वर्ष से अधिक और 55 वर्ष तक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें ट्रेडिशनल, आर्टिस्टिक सिंगल, आर्टिस्टिक पेयर और रिदमिक पेयर विधाओं में मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिता के अंतर्गत ट्रेडिशनल योगासन महिला सीनियर-सी (45 से 55 वर्ष) वर्ग में रतलाम की मनीषा धनेरिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भोपाल की यशोधरा राउत दूसरे और शहडोल की कल्पना द्विवेदी तीसरे स्थान पर रहीं।

वहीं, ट्रेडिशनल योगासन महिला जूनियर वर्ग में जबलपुर की मैथिली मटोलिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। इंदौर की आयुषी संजय खाकरे ने दूसरा और इंदौर की ही अनामिका मनोज बरेठा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार आर्टिस्टिक सिंगल पुरुष जूनियर वर्ग में राज रजोले ने प्रथम, भुमन रैकवार ने द्वितीय और शिवा पाटे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने योगासन के विभिन्न स्वरूपों में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने कठिन और आकर्षक योगासनों के जरिए अपनी शारीरिक दक्षता, संतुलन और लचीलेपन का प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन निर्धारित खेल नियमों एवं मानकों के अनुसार किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में योगासन खेलों को प्रोत्साहित करना, युवाओं को प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में योगासन से जोड़ना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना था।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आर.पी. दुबे ने कहा कि योगासन शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक एकाग्रता और अनुशासन विकसित करने का भी माध्यम है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं। वहीं कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ खेल और योग को भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा मानता है। इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।

समापन समारोह में सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी एवं मध्य प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रमुख वेद प्रकाश शर्मा, योग विभागाध्यक्ष डॉ. रत्नेश पाण्डेय, सहायक प्राध्यापक अखिलेश विश्वकर्मा, एसोसिएशन के सचिव दिनेश सिंह ठाकुर, प्रतियोगिता निदेशक राजू कस्तवार और प्रतियोगिता प्रबंधक दीपक जैन सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, निर्णायक और प्रशिक्षक उपस्थित रहे। आयोजन का संचालन विश्वविद्यालय के चिकित्सा संकाय के अंतर्गत योग विभाग ने किया।

Created On :  

Tags

Next Story