Pimpri-Chinchwad News: दुबई में साइबर ठगी के लिए भेजे गए 12 हजार सिमकार्ड, सात गिरफ्तार, पिंपरी-चिंचवड़ साइबर पुलिस ने किया अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

डिजिटल डेस्क, पुणे। दुबई में बैठकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह को भारत से 10 से 12 हजार मोबाइल सिमकार्ड उपलब्ध कराने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पिंपरी-चिंचवड़ साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में सिमकार्ड की व्यवस्था करने वाले दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक सात आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य सिमकार्ड का इस्तेमाल फर्जी कॉल, नकली एप्लिकेशन के पंजीकरण, बैंक खातों से जोड़कर ठगी के लेन-देन और फर्जी ई-मेल आईडी बनाने के लिए करते थे, ताकि उनकी पहचान उजागर न हो।
यह भी पढ़े -17 नवंबर से सोलापुर की सभी चीनी मिलें बंद! 19 नवंबर तक गन्ना मूल्य का फैसला नहीं होने तक मिलें रहेंगी बंद
--दुबई में रहनेवाला निगड़ी प्राधिकरण का निवासी मुख्य आरोपी
पुलिस उपायुक्त (अपराध) रोहिदास पवार के अनुसार, साइबर ठगी के मामले की जांच में चिखली निवासी तुषार अमराराम चौधरी (29) और आकुर्डी निवासी आदर्श संतोष वाघमारे (27) को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में निगड़ी प्राधिकरण निवासी सुमंत उर्फ नानू रवींद्र दसरे (26) को गिरोह का मुख्य आरोपी बताया गया। वह दुबई में रहकर चीन के एक नागरिक के साथ मिलकर साइबर ठगी कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कर इंटरपोल के माध्यम से उसे भारत डिपोर्ट कराया। इसके बाद सहायक पुलिस निरीक्षक प्रवीण स्वामी की टीम ने मुंबई एयरपोर्ट से उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।
-अंबरनाथ और कल्याण के आरोपियों से मिले हजारों सिमकार्ड
गिरफ्तारी के बाद सुमंत से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसे साइबर अपराधों के लिए 10 से 12 हजार सिमकार्ड भारत से मनिष अशोललाल वाधवा (44, अंबरनाथ) और महेश कन्हैयालाल चौइथरामानी (60,कल्याण) के जरिए मिले थे। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों को मुंबई से गिरफ्तार किया। पासपोर्ट की जांच में उनके 25 से 30 बार दुबई जाने की जानकारी भी सामने आई। जांच में पता चला कि वाधवा और चौइथरामानी को ये सिमकार्ड सुरज मुन्नालाल चिकवा (32,विक्रोली ) और राजा अशोक कुमार (31,ठाणे) से मिलते थे। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।
-ग्राहकों को बहाना बनाकर सिमकार्ड अपने पास रखते थे
जांच के मुताबिक, ये दोनों मोबाइल कंपनियों में सिमकार्ड बेचने का काम करते थे। ग्राहकों के नाम पर सिमकार्ड जारी कराने के बाद उन्हें यह कहकर टाल देते थे कि ओटीपी की समय-सीमा समाप्त हो गई है या सर्वर की समस्या के कारण सिम सक्रिय नहीं हुआ। इसके बाद ग्राहकों को सिमकार्ड दिए बिना वे अपने साथियों को सौंप देते थे और बदले में पैसे लेते थे। पुलिस अब बरामद और उपलब्ध कराए गए सिमकार्ड का डाटा खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इन सिमकार्ड का इस्तेमाल देश में साइबर ठगी के कितने अन्य मामलों में हुआ है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच जारी है।
Created On :  


