Pune News: नीरा नदी पर बनेगा 25 करोड़ का पुल, इंदापुर-मालशिरस के बीच आवागमन होगा आसान

डिजिटल डेस्क, पुणे। इंदापुर और मालशिरस तहसीलों के बीच आवागमन की बड़ी समस्या जल्द दूर होने वाली है। निमसाखर (इंदापुर) और बांगर्ड़े (मालशिरस) गांवों को जोड़ने वाले नीरा नदी पर पुल निर्माण के लिए केंद्रीय सड़क निधि से 25 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे इसका जायजा लिया था। शिक्षा के लिए नदी पार कर नाव से यात्रा करने वाले विद्यार्थियों की जोखिम भरी यात्रा अब जल्द ही समाप्त होगी।
केवल बांगर्ड़े ही नहीं, बल्कि निमसाखर, दगड़वाड़ी और निरवांगी क्षेत्र के नागरिकों को भी मालशिरस तहसील जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। इससे समय, धन और श्रम की काफी बर्बादी होती थी। कृषि उपज के परिवहन, किसानों के दैनिक कार्यों तथा विद्यार्थियों के आवागमन की दृष्टि से भी यह पुल अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।
समस्या देखते हुए निमसाखर, दगड़वाड़ी, निरवांगी और बांगर्ड़े के ग्रामीणों ने पुल निर्माण की मांग को लेकर कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे से लगातार आग्रह किया था। इसे देखते हुए भरणे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और एकनाथ शिंदे के मार्गदर्शन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से पुल के लिए निधि स्वीकृत करने की मांग की थी। आखिरकार उनके प्रयास सफल हुए और केंद्रीय सड़क निधि से 25 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई।
तीन महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने की योजना
इस संबंध में कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने कहा कि निमसाखर-बांगर्ड़े पुल दोनों तहसीलों के नागरिकों, किसानों और विशेष रूप से विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगा। अगले तीन महीनों के भीतर निविदा प्रक्रिया और आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर वास्तविक निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है।
Created On :  



