Pune City News: अब 7वीं और 8वीं के विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा आपदा प्रबंधन का पाठ

अब 7वीं और 8वीं के विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा आपदा प्रबंधन का पाठ
  • प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं से बचाव की मिलेगी जानकारी
  • योजना पर खर्च होंगे करीब 20 करोड़ रुपए

भास्कर न्यूज, पुणे। प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं से निपटने के लिए एनसीईआरटी एक पुस्तिका ला रहा है। इस पुस्तिका के जरिए 7वीं और 8वीं कक्षा के विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन का पाठ पढ़ाया जाएगा। महाराष्ट्र में यह मराठी भाषा में तैयार की जा रही है। इन पुस्तिकाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा के समय बचाव और सुरक्षा के उपायों की प्रायोगिक जानकारी दी जाएगी। हालांकि परीक्षा में यह विषय शामिल नहीं होगा। इस संबंध में राज्य के राहत एवं पुनर्वास विभाग ने शासन निर्णय जारी किया है। इस योजना पर करीब 20 करोड़ रुपए खर्च होने की उम्मीद है।

पिछले कुछ वर्षों में जलवायु परिवर्तन, पर्यावरणीय असंतुलन और औद्योगिकीकरण के कारण प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं की संख्या और तीव्रता बढ़ी है। बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, आग और औद्योगिक दुर्घटनाओं जैसी आपदाओं से निपटने के लिए पहले से तैयारी करना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन की जानकारी देने का निर्णय लिया है। 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार पूर्व तैयारी और क्षमता निर्माण के तहत यह कार्यक्रम चलाया जाएगा।

कहानी और कार्टून के जरिए समझाएंगे आपदा प्रबंधन

विद्यार्थियों के लिए तैयार की जाने वाली पुस्तिकाओं में विभिन्न प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं की जानकारी दी जाएगी। इसमें प्रत्येक आपदा के लिए तीन चरणों पर विशेष मार्गदर्शन होगा। इनमें आपदा आने से पहले की तैयारी, आपदा के दौरान किए जाने वाले उपाय और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण की जानकारी शामिल होगी।

विषय को रोचक बनाने के लिए कहानी सुनाने की शैली अपनाई जाएगी। साथ ही एक विशेष कार्टून पात्र भी तैयार किया जाएगा, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के अलग-अलग पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।

क्यूआर कोड से मिलेगी ऑडियो-वीडियो जानकारी

पुस्तिकाओं में तस्वीरों, इन्फोग्राफिक्स और क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रस्तावना के पृष्ठ पर पूरी पुस्तिका की जानकारी देने वाले ऑडियो-वीडियो प्रेजेंटेशन का क्यूआर कोड अनिवार्य रूप से दिया जाएगा। इस पहल में पर्यावरण संरक्षण, आपदाओं के कारण और उनके प्रभाव, रोकथाम के उपाय, पूर्व चेतावनी प्रणाली तथा खुद के साथ दूसरों की जान बचाने के तरीकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विद्यार्थियों को आपात स्थिति में सही निर्णय लेने और सुरक्षित रहने के उपाय भी समझाए जाएंगे। सरकार का मानना है कि स्कूली स्तर से ही आपदा प्रबंधन की शिक्षा मिलने से विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ेगी। साथ ही भविष्य में प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं का सामना करने के लिए नई पीढ़ी अधिक सक्षम बन सकेगी।

Created On :  

Tags

Next Story