Pune City News: केक और कुकीज पर उकेरी भारत की संस्कृति, पुणे की प्राची ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

केक और कुकीज पर उकेरी भारत की संस्कृति, पुणे की प्राची ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
  • देश के 36 कलाकारों ने मिलकर 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों की परंपराओं को दिया अनोखा रूप
  • वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने दी मान्यता

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे की कलाकार प्राची धबल देब ने देशभर के 36 कलाकारों के साथ मिलकर 455 केक और कुकीज के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विरासत को अनोखे अंदाज में प्रस्तुत कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इन कलाकृतियों में देश के सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों की परंपराओं, त्योहारों, ऐतिहासिक इमारतों, पारंपरिक गहनों और पहनावे की झलक दिखाई गई। इस उपलब्धि को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने आधिकारिक मान्यता दी है।

16 नवंबर को पुणे के बाणेर-बालेवाड़ी स्थित ऑर्किड होटल में आयोजित कार्यक्रम में इस रिकॉर्ड का मूल्यांकन किया गया। प्रदर्शनी में कुल 455 खाने योग्य कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। इनमें देशभर के 36 कलाकारों ने 75 केक तैयार किए, जबकि 380 कुकीज प्राची धबल देब ने खुद बनाईं। इन कुकीज पर विशेष हैंडमेड आइसिंग तकनीक के जरिए भारतीय हथकरघा, पारंपरिक वस्त्र, गहने और सांस्कृतिक आकृतियां उकेरी गईं।



महाराष्ट्र की पेशवाई शादी से केरल के ओणम तक की झलक

प्रदर्शनी में देश के अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक पहचान को केक और कुकीज के जरिए जीवंत किया गया। महाराष्ट्र की पारंपरिक पेशवाई शादी, उत्तर प्रदेश की लट्ठमार होली, केरल के ओणम त्योहार और मेघालय के प्राकृतिक सौंदर्य को खास अंदाज में दर्शाया गया।

पुणे की कलाकार अदिति गरवारे ने महाराष्ट्र की पारंपरिक पेशवाई शादी पर आधारित केक बनाया। दिव्या सक्सेना ने बरसाना और नंदगांव की प्रसिद्ध लट्ठमार होली को अपनी कलाकृति में उतारा। लुबना गफूर ने केरल के ओणम त्योहार में बनाई जाने वाली फूलों की रंगोली को केक पर दर्शाया। वहीं, गीतांशु सिकरवार ने मेघालय के प्राकृतिक पुलों, झरनों और खासी समुदाय की संस्कृति को अपनी कलाकृति का विषय बनाया। दिल्ली की तविशी सैनी ने समुद्र मंथन की पौराणिक कथा पर आधारित कलाकृति तैयार की।


वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम ने किया मूल्यांकन

वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, ब्रिटेन की निदेशक डॉ. सुचिता शुक्ला और भारत की निदेशक डॉ. प्रियंका शुक्ला ने प्रदर्शनी में सभी 36 कलाकारों से बातचीत की। उन्होंने उनकी कलाकृतियों और उनसे जुड़ी सांस्कृतिक जानकारी का मूल्यांकन किया। डॉ. सुचिता शुक्ला ने कहा कि इस तरह का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास पहली बार किया गया है। इसके बाद प्राची धबल देब और सभी कलाकारों की उपलब्धि को मान्यता देते हुए प्रमाणपत्र जारी किया गया।

कार्यक्रम में पुणे महानगरपालिका की अतिरिक्त आयुक्त पवनीत कौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन भारतीय संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। केक जैसी आधुनिक कला के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करना अनोखा प्रयास है।


पहले भी बना चुकी हैं दो बड़े रिकॉर्ड

प्राची धबल देब रॉयल आइसिंग और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित कलाकृतियां बनाने के लिए जानी जाती हैं। वह इंग्लैंड के ऑक्सफोर्ड सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज से भी जुड़ी हैं। इससे पहले उन्होंने इटली के मिलान कैथेड्रल से प्रेरित 100 किलो की कलाकृति और भारतीय वास्तुकला से प्रेरित 200 किलो का खाने योग्य महल बनाकर रिकॉर्ड स्थापित किए थे। इस नई उपलब्धि के साथ उनके नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से प्रमाणित तीन रिकॉर्ड हो गए हैं।

Created On :  

Tags

Next Story