Pune City News: ग्रुप-सी परीक्षा के उम्मीदवार अब अपडेट कर सकेंगे शैक्षणिक योग्यता

भास्कर न्यूज, पुणे। महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) ने महाराष्ट्र ग्रुप-सी सेवा संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा-2026 को लेकर शुद्धि पत्र जारी किया है। आयोग ने कुछ पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता के संबंध में स्पष्टीकरण दिया है। साथ ही पहले आवेदन कर चुके उम्मीदवारों को प्रोफाइल में शैक्षणिक जानकारी सुधारने और अपडेट करने का अवसर दिया है। पूरी प्रक्रिया नि:शुल्क होगी।
उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा शुल्क भरने की आवश्यकता नहीं होगी। आयोग की ओर से ग्रुप-सी संवर्ग के विभिन्न पदों के लिए कुल 26,737 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। पहले जारी विज्ञापन में कुछ पदों की शैक्षणिक योग्यता को लेकर स्पष्टता नहीं थी। इस कारण उम्मीदवारों के बीच असमंजस था। अब आयोग ने नए शुद्धि पत्र के माध्यम से शैक्षणिक अर्हता को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। इससे संबंधित उम्मीदवार शैक्षणिक योग्यता की जांच कर आवश्यक सुधार कर सकेंगे। हालांकि, मूल विज्ञापन की अन्य शर्तों और नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन प्रणाली में जाकर सबसे पहले प्रोफाइल क्रिएशन सेक्शन में शैक्षणिक योग्यता में आवश्यक सुधार करना होगा। उसके बाद प्रोफाइल लॉक करनी होगी। फिर माय अकाउंट में उपलब्ध क्वालिफिकेशन अपडेट विकल्प के जरिए शैक्षणिक जानकारी अपडेट करनी होगी। उसके बाद रीचेक एलिजिबिलिटी विकल्प पर क्लिक कर पात्रता जांच करनी होगी। जरूरत होने पर संबंधित पद के लिए अप्लाय और सबमिट करना होगा।
पुराना आवेदन रद्द करने की जरूरत नहीं
आयोग ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक जानकारी अपडेट करने के लिए उम्मीदवारों को पुराना आवेदन रद्द करने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही दोबारा परीक्षा शुल्क भी नहीं भरना होगा।
Created On :  
