Pune City News: पुरानी रंजिश में 17 वर्षीय किशोर की हत्या, चार नाबालिग हिरासत में

पुरानी रंजिश में 17 वर्षीय किशोर की हत्या, चार नाबालिग हिरासत में
  • रेलवे ट्रैक के किनारे घेरकर धारदार हथियार से किए कई वार
  • अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

भास्कर न्यूज, पुणे। फुरसुंगी इलाके में पुरानी रंजिश के चलते 17 वर्षीय किशोर की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मंगलवार (17 नवंबर) रात करीब 8 बजे भेकराईनगर के पास रेलवे ट्रैक के किनारे यह वारदात हुई। हमलावरों ने किशोर को रास्ते में घेरकर उस पर धारदार हथियार से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या के मामले में चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है।

मृतक भेकराईनगर के भोसलें विलेज इलाके में रहता था। उसकी 22 वर्षीय बहन की शिकायत पर फुरसुंगी पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक का परिवार मूल रूप से सोलापुर जिले का रहने वाला है। उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं।

फुरसुंगी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमोल मोरे ने बताया कि कुछ महीने पहले मृतक किशोर का आरोपियों के साथ विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। मंगलवार रात करीब 8 बजे किशोर भोसलें विलेज इलाके में रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान हडपसर और सासवड रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे चार नाबालिगों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने तलाश कर चारों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया। सभी आरोपी हडपसर के कालेपडल इलाके के रहने वाले हैं।

Created On :  

Tags

Next Story