Pune City News: ऑटोमोटिव साइबर सुरक्षा में विद्यार्थियों के लिए करियर के सुनहरे अवसर

ऑटोमोटिव साइबर सुरक्षा में विद्यार्थियों के लिए करियर के सुनहरे अवसर
  • ऑटोमोटिव फ्यूचर एंड मोबिलिटी समिट में 1,300 से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता
  • उद्योग विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन

भास्कर न्यूज, पुणे। आधुनिक वाहनों में इंटरनेट, ब्लूटूथ और डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में वाहनों को साइबर हमलों से सुरक्षित रखना ऑटोमोबाइल उद्योग के सामने बड़ी चुनौती बन रहा है। इसके साथ ही ऑटोमोटिव साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं के लिए करियर के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं। विद्यार्थियों को इस क्षेत्र की संभावनाओं से परिचित कराने और उद्योग विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर देने के उद्देश्य से पिंपरी के वल्लभनगर स्थित डॉ. डी. वाय. पाटिल विद्यापीठ सभागार में 'ऑटोमोटिव फ्यूचर एंड मोबिलिटी समिट 2026' का बुधवार को आयोजन किया गया। इसमें 1,300 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।


समिट का आयोजन ज्ञानप्रसाद ग्लोबल यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च, केंद्रीय सड़क परिवहन संस्थान और जगमंगल सोशल फाउंडेशन की प्रयास पहल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। ऑटो सिफू इसका टेक्नोलॉजी पार्टनर था। कार्यक्रम में भविष्य की मोबिलिटी, वाहन सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और ऑटोमोबाइल उद्योग में रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च, डीपीजीयू के संचालक प्रा. डॉ. डी. जी. भालके ने कहा कि आधुनिक वाहनों में डिजिटल सिस्टम का इस्तेमाल बढ़ने से साइबर सुरक्षा का महत्व भी बढ़ रहा है। अब वाहनों की सुरक्षा केवल सड़क दुर्घटनाओं को रोकने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके डिजिटल सिस्टम को साइबर हमलों से बचाना भी जरूरी है। भविष्य में इस क्षेत्र में विशेषज्ञों की मांग बढ़ेगी। इसलिए विद्यार्थियों को पारंपरिक तकनीकी शिक्षा के साथ साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण देना आवश्यक है।

जर्मनी से विशेषज्ञ ने किया संवाद

ऑटोक्रिप्ट की प्रबंध निदेशक जूव्हा सारा ली ने जर्मनी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद किया। विद्यार्थियों ने उनसे जर्मन भाषा में भी सवाल पूछे। इस दौरान उन्हें अंतरराष्ट्रीय उद्योग की कार्यप्रणाली, भर्ती प्रक्रिया और कंपनियों की अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिला।

सीआईआरटी के ऑटोमोटिव साइबर सिक्योरिटी प्रमुख फारुख मखदूम ने ब्लैक हैट और व्हाइट हैट हैकर्स के बीच अंतर समझाया। उन्होंने बताया कि ब्लैक हैट हैकर्स सुरक्षा खामियों का गलत इस्तेमाल करते हैं, जबकि व्हाइट हैट हैकर्स इन खामियों को पहचानकर सिस्टम सुरक्षित बनाते हैं। उन्होंने वाहनों की डिजिटल प्रणालियों को साइबर हमलों से बचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

जगमंगल सोशल फाउंडेशन के संस्थापक तेजस गुजराथी ने कहा कि विद्यार्थियों को इस उभरते क्षेत्र में करियर बनाने के लिए विशेषज्ञों के माध्यम से मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो और नॉर-ब्रेम्से के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न उद्योग विशेषज्ञ उपस्थित थे।

Created On :  

Tags

Next Story