धोखाधड़ी: महिला अर्बन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी में 2.73 करोड़ घोटाला मामले में 59 निवेशकों की जमापूंजी हड़पने का आरोप

महिला अर्बन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी में 2.73 करोड़ घोटाला मामले में 59 निवेशकों की जमापूंजी हड़पने का आरोप
  • आकर्षक ब्याज का लालच देकर फिक्स्ड डिपॉजिट और डेली कलेक्शन में कराया निवेश
  • पोटे दंपत्ति सहित 14 पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज, संस्था पर ताला लगाकर फरार
  • निवेशकों की खून-पसीने की कमाई से बनाई संपत्ति

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पदवीधर महिला अर्बन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी में 2.73 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोसायटी के पदाधिकारियों ने आकर्षक ब्याज का लालच देकर निवेशकों से रकम जमा कराई और बाद में उनकी जमापूंजी हड़प ली। इस मामले में सोमवार को गणेशपेठ थाने में पोटे दंपत्ति सहित 14 पदाधिकारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। मामला करोड़ों रुपये से जुड़ा होने के कारण इसकी जांच अपराध शाखा के आर्थिक विभाग को सौंपी गई है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

न्यू शुक्रवारी महल स्थित पदवीधर महिला अर्बन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी के आरोपियों में कार्यकारी अधिकारी संदीप पोटे, उनकी पत्नी व अध्यक्ष ममता पोटे, उपाध्यक्ष गीता राजू सातपुते, जया जितेंद्र गडेकर, सचिव सविता गणपत अंबाडकर, संचालक माधुरी राजू बावणकर, जयश्री प्रवीण वाघमारे, मिनल नीतिन, गीता गायकवाड़, मनीषा श्रीराव, दीपाली गौणे, पूजा पाटील, जितेंद्र गडेकर और भोजराव गायकवाड़ शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 22 नवंबर 2023 को उक्त सोसायटी की स्थापना की थी। इसके अलावा उनकी 2 अन्य सोसायटियां भी होने की जानकारी सामने आई है। वर्तमान में तीनों सोसायटियों पर ताले लगे हुए हैं। आरोपियों ने फिक्स्ड डिपॉजिट और डेली कलेक्शन जैसी योजनाओं में आकर्षक ब्याज देने का लालच देकर निवेशकों को अपने जाल में फंसाया। जिसके चलते शिकायतकर्ता सूर्यकांत शुक्ला (38), निवासी अमरावती, सहित 58 अन्य निवेशकों ने कुल 2 करोड़ 73 लाख 88 हजार 785 रुपये सोसायटी में जमा किए थे। आरोप है कि पदाधिकारियों ने इस रकम का गबन कर लिया। निवेश की अवधि पूरी होने के बाद जब निवेशकों ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने संस्था के पास पैसे नहीं होने का बहाना बनाकर भुगतान करने से इनकार कर दिया। इससे निवेशकों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने सोसायटी में हंगामा किया।

इसी बीच मौका पाकर पोटे दंपत्ति सहित अन्य आरोपी सोसायटी को ताला लगाकर फरार हो गए। जांच-पड़ताल में कथित आर्थिक घोटाले का खुलासा होने के बाद सोमवार को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

निवेशकों की खून-पसीने की कमाई से बनाई संपत्ति

आरोप है कि सोसायटी के पदाधिकारियों ने अपने पदों का दुरुपयोग कर निवेशकों की खून-पसीने की कमाई हड़प ली और उससे खुद की संपत्ति बनाई। मामला करोड़ों रुपये का होने के कारण अपराध शाखा के आर्थिक विभाग को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Created On :  

Tags

Next Story