निर्देश: कुमार आशीर्वाद ने कहा - नगर परिषदों के विकास कार्यों में तेजी लाएं, विकास कार्यों के प्रस्ताव तुरंत पेश कर लें प्रशासनिक मंजूरी

कुमार आशीर्वाद ने कहा - नगर परिषदों के विकास कार्यों में तेजी लाएं, विकास कार्यों के प्रस्ताव तुरंत पेश कर  लें प्रशासनिक मंजूरी
  • लंबित विकास प्रारूपों को मंजूरी दिलाने के लिए सरकार से करें फॉलोअप
  • पेयजल संकट दूर करने वाले कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिले में सूखे की आशंका को देखते हुए नगर परिषदों और नगर पंचायतों को विकास कार्यों के प्रस्ताव तत्काल पेश कर उनकी प्रशासनिक मंजूरी लेनी चाहिए। मंजूर कार्यों को तेजी से पूरा करने के साथ ही विकास प्रारूपों को मंजूरी दिलाने के लिए राज्य सरकार से लगातार फॉलोअप करने के निर्देश जिलाधीश कुमार आशीर्वाद ने दिए।

जिलाधीश कार्यालय के छत्रपति हॉल में नगर परिषदों और नगर पंचायतों के विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में वे बोल रहे थे। बैठक में निवासी उपजिलाधीश अनूप खांडे, नगर प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त विनोद जाधव तथा जिले की सभी नगर परिषदों और नगर पंचायतों के मुख्याधिकारी उपस्थित थे।

जिलाधीश ने वाडी, हिंगना, नरखेड़ और उमरेड नगर परिषदों को विकास प्रारूपों के संबंध में सरकार से फॉलोअप करने के निर्देश दिए। बूटीबोरी और गोधनी नगर परिषदों को चुनावी वार्ड मैप के अनुसार प्रस्तावों का सत्यापन कर उन्हें जमा करने को कहा। रामटेक और मोवाड नगर परिषदों को जिला नियोजन एवं विकास निधि के तहत विकास कार्यों के प्रस्ताव पेश करने के निर्देश दिए।

इसी तरह बेसा-पिपला, बहादुरा, बिडगांव और तरोडी नगर पंचायतों के विकास प्रारूप टाउन प्लानिंग विभाग के माध्यम से तत्काल तैयार करने को कहा गया। येरखेड़ा नगर पंचायत को मौजूदा लैंड यूज मैप 15 दिनों के भीतर जमा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीलडोह, डिगडोह और कादरी (कन्हान) नगर पंचायतों के विकास प्रारूपों को जल्द ही प्रशासनिक मंजूरी दी जाएगी।

पानी की कमी दूर करने वाले कार्यों को प्राथमिकता दें

पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए मंजूर किए गए कार्यों की टेंडर प्रक्रिया तत्काल पूरी कर काम शुरू किए जाएं। पानी की कमी दूर करने के लिए उपलब्ध निधि का प्रभावी उपयोग किया जाए। जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं। जिलाधीश ने सभी संबंधित अधिकारियों को पेयजल संकट से जुड़े कार्य निर्धारित समय में पूरे करने के निर्देश दिए।

विकास कार्यों का निरीक्षण करें

नगर पंचायतों के मुख्याधिकारी अपने क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों का नियमित दौरा कर निरीक्षण करें। सड़क, जलापूर्ति, ड्रेनेज और बिजली व्यवस्था से जुड़े कार्य निर्धारित योजना के अनुसार और गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो रहे हैं या नहीं, इसकी जांच सुनिश्चित की जाए।

Created On :  

Tags

Next Story