सनसनी: रोजगार की तलाश में यूपी से बीड आए 23 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, नींबू के पेड़ से फंदे पर लटका मिला शव

रोजगार की तलाश में यूपी से बीड आए 23 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, नींबू के पेड़ से फंदे पर लटका मिला शव
  • टोरंटो कंपनी के पवन ऊर्जा प्रकल्प में मजदूर था मृतक
  • केज तहसील के नांदूरघाट क्षेत्र की घटना

डिजिटल डेस्क, बीड। रोजगार की तलाश में उत्तर प्रदेश से महाराष्ट्र आए 23 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना केज तहसील के नांदूरघाट क्षेत्र में सामने आई। वाघेबाभुळगांव के खेत परिसर में एक नींबू के पेड़ से युवक का शव फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान फैजान मोहम्मद के रूप में हुई है। वह टोरंटो कंपनी के पवन ऊर्जा प्रकल्प में मजदूर के तौर पर काम कर रहा था। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

फैजान ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। कार्यस्थल पर किसी तरह की परेशानी थी या उसने व्यक्तिगत अथवा पारिवारिक कारणों से यह कदम उठाया, पुलिस इन सभी पहलुओं से जांच कर रही है। उसके साथ काम करने वाले सहकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।

उत्तर प्रदेश का निवासी फैजान रोजगार की तलाश में बीड जिले में आया था। महज 23 वर्ष की उम्र में उसकी मौत से सहकर्मियों में शोक व्याप्त है। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है।

इस मामले में नांदूरघाट पुलिस चौकी में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हेड कांस्टेबल राजू वंजारे आगे की जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद युवक की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।

Created On :  

Tags

Next Story