जीडीसीसी में रैगिंग की हदें पार: सीनियर्स की करतूत - अश्लील हरकतों के बाद छात्र को लड़की के कपड़े पहनाकर दूसरे छात्र को प्रपोज करने के लिए किया मजबूर

AI Image
डिजिटल डेस्क, नागपुर। शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीडीसीसी), नागपुर में रैगिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां 19 वर्षीय जूनियर छात्र के साथ सीनियर विद्यार्थियों द्वारा कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप है। छात्र को न केवल अपशब्द कहे गए, बल्कि लड़की के कपड़े पहनाकर दूसरे छात्र को प्रपोज करने के लिए भी मजबूर किया गया। कपड़े उतरवाने, अश्लील टिप्पणियां करने, अनुचित तरीके से छूने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। इस मामले में 22 नवंबर को अजनी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। उधर, कॉलेज प्रशासन ने जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर रैगिंग में कथित रूप से शामिल 3 सीनियर छात्रों को हॉस्टल से बाहर कर दिया है।
रात 8.30 से 2.30 बजे तक चला प्रताड़ना का दौर
शिकायतकर्ता 19 वर्षीय छात्र उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले की मौदहा तहसील के कमहरिया गांव का निवासी है। उसने जून 2026 में नीट परीक्षा में ऑल इंडिया रैंकिंग में 552वां स्थान हासिल किया था। इसी आधार पर उसे सामान्य श्रेणी में नागपुर के जीडीसीसी में बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला था।
26 अक्टूबर को वह अपनी मां और भाई के साथ नागपुर पहुंचा और प्रवेश संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के बाद हॉस्टल में रहने चला गया। रात में परिजनों के लौटने के बाद वह अपने बैच के अन्य विद्यार्थियों के साथ हॉस्टल के कमरा नंबर 104 में बैठा था। शिकायत के अनुसार, रात करीब 8.30 बजे कुछ सीनियर छात्र वहां पहुंचे। इनमें से एक ने खुद को सीआर (क्लास रिप्रेजेंटेटिव) बताते हुए छात्र को अपशब्द कहे, उसकी टोपी उतरवाई और हाथ पीछे रखकर सिर झुकाने का आदेश दिया।
इसके बाद दूसरे सीनियर ने उसे मुर्गा बनने के लिए कहा। एक अन्य छात्र ने कपड़े उतारने का दबाव बनाया। आरोप है कि सीनियर विद्यार्थियों ने अश्लील टिप्पणियां और गाली-गलौज की तथा उसके साथ अनुचित तरीके से स्पर्श किया। हद तो तब हो गई, जब 2 सीनियर छात्रों ने उसे लड़की के कपड़े पहनने और एक अन्य छात्र को प्रपोज करने के लिए मजबूर किया। पीड़ित ने दुर्व्यवहार करने, शराब की बोतल लाने, कमरा साफ करवाने, अश्लील वीडियो दिखाने और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, उसे रात करीब 2.30 बजे तक खड़ा रखा गया। इसके बाद सीनियर छात्र वहां से चले गए।
जूठा खाना खाने के लिए मजबूर करने का भी आरोप
पीड़ित छात्र ने शिकायत में बताया कि 27 अक्टूबर की सुबह उसे फ्रेश होने और नाश्ता करने के लिए जाने से रोका गया। सुबह करीब 9 बजे कक्षा में जाते समय उसे सिर झुकाकर लाइन में चलने के लिए कहा गया। दोपहर में मेस में बचा हुआ जूठा खाना खाने के लिए मजबूर किए जाने का भी आरोप है।
दोपहर करीब 3.30 बजे सीनियर छात्रों ने उसे हॉस्टल छोड़ने और आगे पढ़ाई नहीं करने देने की धमकी दी। लगातार प्रताड़ना से मानसिक तनाव में आए छात्र ने अपनी मां को फोन कर पूरी घटना बताई। इसके बाद वह शाम करीब 5 बजे हॉस्टल छोड़कर घर लौट गया। कॉलेज में दिवाली की छुट्टियां शुरू होने के कारण उस समय मामला आगे नहीं बढ़ पाया। छुट्टियां समाप्त होने के बाद 22 नवंबर को छात्र ने अजनी पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज मांगने पर टालमटोल का आरोप
घटना के बाद पीड़ित ने कॉलेज के डीन को ईमेल भेजकर हॉस्टल में जूनियर छात्रों के साथ हो रही प्रताड़ना की शिकायत की थी। उसने एंटी रैगिंग कमेटी और एंटी रैगिंग स्क्वाड से मामले की जांच कराने की मांग भी की थी। शिकायत में कहा गया था कि भविष्य खराब होने के डर से कई जूनियर छात्र रैगिंग के बावजूद चुप रहते हैं।
पीड़ित की मौसी के अनुसार, हॉस्टल के प्रवेश द्वार, गलियारों और कॉमन एरिया के सीसीटीवी फुटेज मांगने पर कॉलेज प्रशासन ने टालमटोल की। बाद में बताया गया कि सिस्टम की सर्विसिंग चल रही थी, इसलिए रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं है। इस मामले में यूजीसी की एंटी रैगिंग हेल्पलाइन, महाराष्ट्र आरोग्य विज्ञान विश्वविद्यालय, डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया और चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान निदेशालय से भी शिकायत की गई है।
परिजनों ने हॉस्टल की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्रवेश के समय एक कमरे में 2 से 3 विद्यार्थियों के रहने की जानकारी दी गई थी, लेकिन वास्तव में एक कमरे में करीब 14 छात्र रह रहे थे। परिजनों ने डीन से छात्र का प्रवेश रद्द कर जमा फीस लौटाने का अनुरोध किया। इस पर डीन ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया केंद्रीयकृत प्रणाली और संबंधित सेल के माध्यम से होती है, इसलिए कॉलेज स्तर पर प्रवेश रद्द नहीं किया जा सकता।
जांच समिति की रिपोर्ट पर 3 छात्रों को हॉस्टल से निकाला
जीडीसीसी के डीन डॉ. मंगेश फडनाईक ने बताया कि रैगिंग की शिकायत मिलने के बाद जांच समिति गठित की गई थी। समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर 3 छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें हॉस्टल से बाहर कर दिया गया है। शिकायतकर्ता छात्र केवल एक दिन हॉस्टल में रहा था। इस मामले में ईमेल और हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी। अब पुलिस थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद आगे की जांच और कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी।
Created On :  
Tags
- नागपुर
- महाराष्ट्र समाचार
- Nagpur News
- Maharashtra News
- नागपुर शहर
- नागपुर ग्रामीण
- कामठी
- हिंगना
- कलमेश्वर
- काटोल
- नरखेड़
- सावनेर
- उमरेड
- कुही
- भिवापुर
- मौदा
- पारशिवनी
- रामटेक
- कन्हान
- वाडी
- बुटीबोरी
- कोराडी
- खापरखेड़ा
- मोहपा
- कोंढाली
- वर्धा रोड
- वलनी
- पेंच
- येरखेड़ा
- वडधामना
- बेसा
- मानकापुर
- जरीपटका
- कामठी रोड
- पारडी
- वाठोडा
- हुडकेश्वर
- नंदनवन
- दिघोरी
- बेलतरोड़ी
- मानेवाड़ा
- नरेंद्रनगर
- प्रतापनगर
- सोनेगांव
- अजनी
- धरमपेठ
- सदर
- महाल
- इतवारी
- गंजपेठ
