Nagpur News: सगाई के छह दिन बाद होटल के कमरे में मिला मर्चेंट नेवी अधिकारी का शव

सगाई के छह दिन बाद होटल के कमरे में मिला मर्चेंट नेवी अधिकारी का शव
  • शादी की तैयारियों के बीच थम गई जिंदगी
  • दो दोस्तों के साथ होटल में बिताई थी रात
  • सोनेगांव पुलिस कर रही जांच

Nagpur News नई जिंदगी शुरू करने की उम्मीदों के बीच मर्चेंट नेवी के एक अधिकारी की जिंदगी रहस्यमय परिस्थितियों में खत्म हो गई। हुडकेश्वर के महालक्ष्मीनगर निवासी सुहास माधव भोयर (43 ) का शव वर्धा रोड स्थित होटल ऑक्सा इन के कमरे में मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि 15 नवंबर को ही उनकी सगाई हुई थी। परिवार में शादी को लेकर खुशियों का माहौल था, लेकिन इस घटना ने सभी को सदमे में डाल दिया है।

दो दोस्तों के साथ होटल में रुके थे
जानकारी के मुताबिक, सुहास 4 नवंबर को छुट्टी पर नागपुर आए थे। 19 नवंबर को उन्होंने सोनेगांव थाना क्षेत्र के होटल ऑक्सा इन में कमरा नंबर 205 बुक कराया। यहां उनके दो मित्र प्रशांत चुटे और भूपेश टिचकुले भी पहुंचे थे। तीनों ने कुछ समय साथ बिताया। इसके बाद रात करीब 3 बजे दोनों मित्र वहां से अपने घर चले गए।
फोन बंद होने से बढ़ी चिंता
अगली सुबह सुहास ने एक मित्र को फोन किया था। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका। मोबाइल बंद मिलने पर मित्रों और परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। 21 नवंबर को परिजन और मित्र होटल पहुंचे। होटल प्रबंधन की मदद से कमरे का दरवाजा खुलवाया गया। अंदर सुहास का शव फंदे पर लटका मिला।
नई जिंदगी की शुरुआत से पहले क्यों उठाया कदम?
सूचना पर सोनेगांव पुलिस घटनास्थल पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा गया है। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। सुहास की मौत के पीछे कोई व्यक्तिगत परेशानी थी या कोई अन्य वजह, फिलहाल स्पष्ट नहीं है। सगाई के महज छह दिन बाद हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।

Created On :  

Tags

Next Story