Pune City News: एकल माताओं के बच्चों को उच्च शिक्षा में मदद के लिए 1,238 कॉलेजों में नियुक्त होंगे काउंसलर

भास्कर न्यूज, पुणे। एकल माताओं के बच्चों को उच्च शिक्षा के दौरान आर्थिक, सामाजिक और भावनात्मक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं को दूर करने और विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने में मदद करने के लिए राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत राज्य के 1,238 अनुदानित कॉलेजों में एक-एक काउंसलर नियुक्त किया गया है। महाराष्ट्र राज्य प्राध्यापक विकास अकादमी (एमएसएफडीए) के माध्यम से इन काउंसलर्स के प्रशिक्षण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। एमएसएफडीए के कार्यकारी संचालक तथा राज्य के प्रभारी उच्च शिक्षा संचालक डॉ. शैलेंद्र देवलाणकर ने यह जानकारी दी।
एकल माताओं के बच्चों को उच्च शिक्षा के दौरान कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इन विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके लिए कल्याणकारी योजनाएं तैयार करने के उद्देश्य से उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने डॉ. हेमलता बागला की अध्यक्षता में एक समिति गठित की थी। समिति ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। इसके साथ ही राज्य के उच्च शिक्षा संस्थानों में पढ़ने वाले एकल माताओं के बच्चों की वास्तविक संख्या जानने के लिए सर्वेक्षण भी शुरू किया गया है।
विद्यार्थियों की समस्याएं समझेंगे काउंसलर
इस पहल के तहत प्रत्येक अनुदानित कॉलेज में एक काउंसलर की नियुक्ति की गई है। ये काउंसलर एकल माताओं के बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझेंगे और जरूरत के अनुसार मार्गदर्शन करेंगे। साथ ही सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली शैक्षणिक सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ संबंधित विद्यार्थियों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी निगरानी भी करेंगे।
दो चरणों में होगा प्रशिक्षण
काउंसलर्स को प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में प्रत्येक सार्वजनिक विश्वविद्यालय से तीन मास्टर ट्रेनर्स का चयन किया जा रहा है। इनमें एसोसिएट प्रोफेसर, प्रोफेसर और विद्यार्थी कल्याण संचालक शामिल होंगे। इन मास्टर ट्रेनर्स के पहले बैच का प्रशिक्षण 27 नवंबर को एमएसएफडीए में आयोजित किया जाएगा।
दूसरे चरण में प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स विश्वविद्यालय स्तर पर अपने-अपने क्षेत्र के सभी 1,238 कॉलेजों में नियुक्त काउंसलर्स को प्रशिक्षण देंगे। इससे सभी कॉलेजों में विद्यार्थियों को एक समान तरीके से मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित होगी।
कल्याणकारी योजनाएं तैयार करने की तैयारी
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि एकल माताओं के बच्चों की पढ़ाई किसी भी परेशानी के कारण बीच में न रुके। प्रत्येक कॉलेज में नियुक्त काउंसलर इन विद्यार्थियों के लिए सहयोग और मार्गदर्शन का मजबूत माध्यम बनेंगे। बागला समिति की सिफारिशों और सर्वेक्षण से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर इन विद्यार्थियों के लिए ठोस कल्याणकारी योजनाएं तैयार की जाएंगी।
Created On :  
