Pune City News: पुणे जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलने से मचा हड़कंप

पुणे जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलने से मचा हड़कंप
  • बार एसोसिएशन ने वकीलों, पक्षकारों और नागरिकों से परिसर खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की
  • पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

भास्कर न्यूज, पुणे। शिवाजीनगर स्थित जिला एवं सत्र कोर्ट को सोमवार (23 नवंबर) को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। दोपहर करीब 2:30 बजे कोर्ट के ई-मेल पर परिसर में बम रखे होने की धमकी दी गई। इसके बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत वकीलों, कोर्ट कर्मचारियों और सुनवाई के लिए आए लोगों को बाहर निकालकर पूरा परिसर खाली कराया। जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद शाम करीब 4:30 बजे कोर्ट का कामकाज दोबारा शुरू हुआ। इसकी जानकारी तत्काल प्रमुख जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पीडीजे) को दी गई।

धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुणे बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और कार्यकारिणी ने तत्काल सूचना जारी की। इसमें सभी वकीलों, बार एसोसिएशन के सदस्यों, न्यायालय परिसर में मौजूद पक्षकारों और नागरिकों से बिना घबराए परिसर खाली करने और सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई। साथ ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई।



पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

इससे पहले 2 नवंबर को भी जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला था। उस समय भी परिसर खाली कराकर जांच की गई थी, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। उस घटना के बाद कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों और मेटल डिटेक्टर की खराब स्थिति सामने आई थी। इसके बावजूद पुरानी और नई दोनों इमारतों में मेटल डिटेक्टर अब तक बंद पड़े हैं। लगातार दूसरी बार धमकी मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। कोर्ट में रोज बड़ी संख्या में वकील, कर्मचारी और लोग आते हैं। ऐसे में सुरक्षा उपकरणों का बंद होना गंभीर सवाल खड़े करता है।

इसके अलावा पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को धमकी भरा फोन आया था। वहीं, पुणे महानगरपालिका और महापौर कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए दी गई थी।

Created On :  

Tags

Next Story