Pune City News: पुणे विभाग में 7 महीने में 26.33 करोड़ का मिलावटी और असुरक्षित खाद्य भंडार जब्त

भास्कर न्यूज, पुणे। होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी, मिठाई की दुकानों और खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों में मिलने वाला खाना कितना सुरक्षित है, इसका अंदाजा खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की कार्रवाई के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। पुणे विभाग में 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक सात महीनों में एफडीए ने 6,924 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान 26.33 करोड़ रुपए कीमत का खाद्य भंडार जब्त किया गया। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ 304 मामले दर्ज किए गए और 405 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 224 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि 2,531 प्रतिष्ठानों को सुधार के नोटिस जारी किए गए।
पुणे, पिंपरी-चिंचवड़ और जिले के ग्रामीण क्षेत्रों सहित पूरे पुणे विभाग में जांच अभियान चलाया जा रहा है। पिछले तीन महीनों में इस अभियान को और तेज किया गया। इस दौरान 2,540 प्रतिष्ठानों की जांच कर 395.25 टन खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। इनकी कीमत 10.39 करोड़ रुपए बताई गई है। साथ ही 1,107 सुधार नोटिस जारी किए गए। 3 नवंबर को भी 15 खाद्य कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3,196 किलो खाद्य पदार्थ जब्त किए गए और आठ प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।
इस कार्रवाई में शहर और जिले के कई नामी होटल, रेस्टोरेंट, खाद्य आपूर्ति करने वाली चेन, दूध संकलन केंद्र, मिठाई की दुकानें और बड़ी कंपनियों के खाद्य पदार्थों के आउटलेट भी जांच के दायरे में आए। इससे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर कारोबारियों की लापरवाही सामने आई है।
4,644 नमूनों की जांच, 113 असुरक्षित मिले
पुणे विभाग में खाद्य सुरक्षा कानून के तहत 4,644 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। प्राप्त विश्लेषण रिपोर्ट के अनुसार 1,623 नमूने मानकों के अनुरूप पाए गए। वहीं, 76 नमूने घटिया गुणवत्ता के, 34 गलत लेबल वाले और 113 नमूने असुरक्षित पाए गए। इन मामलों में 24 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।
प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों पर भी कार्रवाई
प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ एफडीए ने 316 स्थानों पर जांच की। इस दौरान करीब 5 करोड़ रुपए का प्रतिबंधित खाद्य भंडार जब्त किया गया। संबंधित मामलों में 299 केस दर्ज कर 358 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 272 प्रतिष्ठान बंद कराए गए। करीब 2.99 करोड़ रुपए कीमत के 38 वाहन भी जब्त किए गए।
दूध और दुग्ध उत्पादों में भी मिली मिलावट
दूध में मिलावट की शिकायतों के बाद 362 प्रतिष्ठानों की जांच कर 473 नमूने लिए गए। इनमें से 147 मानकों के अनुरूप, 4 घटिया गुणवत्ता के और 6 असुरक्षित पाए गए। इस कार्रवाई में 66.73 लाख रुपए का खाद्य भंडार जब्त किया गया। दूध से जुड़े मामलों में 4 केस दर्ज कर 46 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
दुग्ध उत्पाद बेचने वाले 520 प्रतिष्ठानों की जांच कर 855 नमूने लिए गए। इनमें 222 मानकों के अनुरूप, 10 घटिया गुणवत्ता के और 7 असुरक्षित पाए गए। इस कार्रवाई में 178.722 क्विंटल दुग्ध उत्पाद जब्त किए गए, जिनकी कीमत 232.17 लाख रुपए है। इस मामले में एक केस दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
खाद्य तेल और मसालों में भी खामियां
खाद्य तेल की गुणवत्ता जांचने के लिए 241 स्थानों पर निरीक्षण किया गया। इस दौरान 84 सुधार नोटिस जारी किए गए और 22 लाइसेंस निलंबित किए गए। जांच के लिए लिए गए 233 नमूनों में 101 मानकों के अनुरूप, 14 घटिया गुणवत्ता के, 6 असुरक्षित और एक गलत लेबल वाला पाया गया। इस कार्रवाई में 260.74 लाख रुपए का खाद्य भंडार जब्त किया गया।
इसी तरह मसालों और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच के लिए 198 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इसमें 62 सुधार नोटिस जारी कर 7 लाइसेंस निलंबित किए गए। जांच के लिए लिए गए 321 नमूनों में 48 मानकों के अनुरूप और 5 गलत लेबल वाले पाए गए। इस कार्रवाई में 2,343.07 क्विंटल खाद्य पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी कीमत 561.50 लाख रुपए है।
होटल-रेस्टोरेंट के 121 लाइसेंस निलंबित
शहर और जिले के नामी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ एफडीए ने 1,528 निरीक्षण किए। इस दौरान 869 सुधार नोटिस जारी किए गए। कार्रवाई के तहत तत्काल प्रक्रिया में 106 और नियमित प्रक्रिया के तहत 15, इस तरह कुल 121 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।
एफडीए की कार्रवाई के आंकड़े बताते हैं कि बाजार में दूषित, मिलावटी और घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की समस्या गंभीर है। हजारों प्रतिष्ठानों की जांच, करोड़ों रुपए का खाद्य भंडार जब्त करने और सैकड़ों मामले दर्ज होने के बावजूद मिलावट के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि कार्रवाई के अधिकार होने के बावजूद अब तक नियमित जांच और सख्त कार्रवाई पर पर्याप्त ध्यान क्यों नहीं दिया गया? क्या मनुष्यबल की कमी का हवाला देकर खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों की अनदेखी होती रही? नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए नियमित और प्रभावी निगरानी जरूरी है।
पुणे विभाग में सात महीने की कार्रवाई
कार्रवाई का विवरण आंकड़े
जांच किए गए प्रतिष्ठान 6,924
सुधार नोटिस 2,531
लाइसेंस निलंबित 224
जब्त खाद्य भंडार ₹26.33 करोड़
दर्ज मामले 304
गिरफ्तार लोग 405
जांच के लिए लिए नमूने 4,644
मानकों के अनुरूप नमूने 1,623
घटिया गुणवत्ता के नमूने 76
गलत लेबल वाले नमूने 34
असुरक्षित नमूने 113
राज्य में सात महीने की कार्रवाई
कार्रवाई का विवरण आंकड़े
जांच किए गए प्रतिष्ठान 25,514
सुधार नोटिस 11,506
लाइसेंस निलंबित 1,651
जब्त खाद्य भंडार ₹152.65 करोड़
Created On :  
