Beed News: सूखे और कर्ज के दोहरे संकट ने ली एक और किसान की जान, फांसी लगाकर दी जान

Beed News बीड जिले में सूखे की मार से किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। फसल बर्बादी और कर्ज के बोझ के चलते किसानों की आत्महत्याओं का सिलसिला भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच गेवराई तहसील के तरटेवाड़ी शिवार में मंगलवार को 53 वर्षीय किसान द्वारा नींबू के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना सामने आई। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़े -रोजगार की तलाश में यूपी से बीड आए 23 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, नींबू के पेड़ से फंदे पर लटका मिला शव
मृतक किसान की पहचान बाबूराव रंगनाथ वाघमोडे (53), निवासी सिरसमार्ग, तहसील गेवराई के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उन पर कर्ज का भारी बोझ था। इसके अलावा भीषण सूखे के चलते खरीफ की फसल अच्छी नहीं हुई थी और रबी की फसल से भी कोई उम्मीद नहीं बची थी। ऐसे में परिवार के भरण-पोषण और कर्ज चुकाने की चिंता उन्हें सता रही थी। वहीं, एक एकड़ में लगी गन्ने की फसल भी जलकर नष्ट हो गई थी।
फसल बर्बादी और आर्थिक परेशानियों के चलते मानसिक रूप से परेशान बाबूराव वाघमोडे ने तरटेवाड़ी शिवार स्थित गट नंबर 96 के खेत में नींबू के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मृतक के रिश्तेदार श्रीमंत बालासाहब कोळेकर ने पुलिस को दी। इसके आधार पर गेवराई पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस हवलदार वी.वी. परजणे कर रहे हैं।
यह भी पढ़े -अवैध साहूकारी के संदेह में सहकार विभाग की छापेमारी, 55 खाली चेक सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त
Created On :  

