हादसा: एसडीओ की सरकारी कार ने ई-रिक्शा और बीएमडब्ल्यू को मारी टक्कर, एयरबैग खुलने से चालक बचा, दो घायल

एसडीओ की सरकारी कार ने ई-रिक्शा और बीएमडब्ल्यू को मारी टक्कर, एयरबैग खुलने से चालक बचा, दो घायल
  • पेट्रोल पंप से सड़क पर निकलते ही हुआ भीषण हादसा, ई-रिक्शा सवार दो लोग जख्मी
  • सरकारी स्कॉर्पियो के काले शीशों को लेकर मौके पर हंगामा, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
  • टक्कर से बीएमडब्ल्यू का अगला हिस्सा चकनाचूर, एयरबैग खुलने से सरकारी वाहन का चालक बचा
  • पेट्रोल पंप से सड़क पर निकलते ही हुआ भीषण हादसा, ई-रिक्शा सवार दो लोग जख्मी

डिजिटल डेस्क, नागपुर/काटोल। काटोल के एसडीओ की सरकारी स्कॉर्पियो ने नागपुरकर अस्पताल के पास एक ई-रिक्शा और बीएमडब्ल्यू कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में ई-रिक्शा में सवार 2 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बीएमडब्ल्यू कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, सरकारी स्कॉर्पियो का एयरबैग खुलने से चालक को गंभीर चोट लगने से बचाव हुआ। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, काटोल के उपविभागीय अधिकारी (एसडीओ) पीयूष चिवंडे नरखेड़ कार्यालय में शासकीय काम निपटाने के बाद सुनवाई के लिए तहसील कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान कार्यालय कर्मचारी मनीष चरडे पुराने सरकारी वाहन स्कॉर्पियो (एमएच-31-एफयू-9380) से कुछ सरकारी दस्तावेज लेने नागपुर की ओर निकले थे।

बताया जाता है कि नागपुरकर अस्पताल के पास स्थित पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के बाद जैसे ही स्कॉर्पियो सड़क पर आई, नागपुर से काटोल की ओर जा रहे ई-रिक्शा से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही बीएमडब्ल्यू कार (सीजी-07-सीटी-9343) भी सरकारी स्कॉर्पियो से जा टकराई। अचानक हुए इस हादसे में ई-रिक्शा में सवार 2 लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीएमडब्ल्यू में सवार लोगों को कोई चोट नहीं आई।

एयरबैग खुलने से चालक बचा

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सरकारी स्कॉर्पियो का एयरबैग खुल गया। इससे चालक मनीष चरडे को गंभीर चोट लगने से बचाव हुआ। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

काले शीशों को लेकर उठे सवाल, मौके पर हंगामा

हादसे के बाद बीएमडब्ल्यू में सवार लोगों ने सरकारी स्कॉर्पियो की खिड़कियों पर लगी काली फिल्म को लेकर सवाल उठाए। सरकारी वाहन पर काली फिल्म लगाने की अनुमति किस आधार पर दी गई और इसका इस्तेमाल कैसे हो रहा था, इस मुद्दे पर घटनास्थल पर कुछ देर हंगामे की स्थिति बन गई। सरकारी वाहन में काली फिल्म के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर काटोल पुलिस मौके पर पहुंची।


Created On :  

Tags

Next Story