ठंड से वन्यजीवों को बचाने महाराजबाग में लगाए 8 हीटर, बाघ- तेंदुए और पक्षियों के पिंजरों में गर्म हवा की व्यवस्था

ठंड से वन्यजीवों को बचाने महाराजबाग में लगाए 8 हीटर, बाघ- तेंदुए और पक्षियों के पिंजरों में गर्म हवा की व्यवस्था
  • फर्श पर बिछाई सूखी पत्तियां, खानपान में भी किया बदलाव
  • भालुओं को गुड़, शहद और फल, बाघ-तेंदुओं को पौष्टिक मांस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में ठंड का असर बढ़ने लगा है। इंसानों के साथ अब वन्यजीवों को भी सर्दी से बचाने की तैयारी शुरू हो गई है। महाराजबाग प्राणी संग्रहालय प्रशासन ने वन्यजीवों को ठंड से राहत देने के लिए पिंजरों में हीटर लगाए हैं। सोमवार से बाघ, तेंदुए और पक्षियों के पिंजरों में गर्म हवा की व्यवस्था की गई है। पूरे चिड़ियाघर में कुल 8 हीटर लगाए गए हैं।

वर्तमान में महाराजबाग में एक बाघिन, 6 तेंदुए, 2 से अधिक भालू, हिरण, सांबर, नीलगाय, लोमड़ी और विभिन्न प्रजातियों के पक्षी हैं। सुबह और शाम तापमान में गिरावट को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पिंजरों के अंदर फर्श पर सूखी पत्तियां भी बिछाई गई हैं, ताकि ठंडे फर्श से वन्यजीवों को परेशानी न हो और उन्हें बैठने में राहत मिले।

खानपान में भी किया बदलाव

सर्दियों में वन्यजीवों को पर्याप्त ऊर्जा मिल सके, इसके लिए उनके खानपान का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बाघ और तेंदुओं को पौष्टिक मांस दिया जा रहा है, जबकि भालुओं के भोजन में गुड़, शहद और फल शामिल किए गए हैं। हिरण और सांबर को हरा चारा, गाजर और गुड़ दिया जा रहा है। वहीं, पक्षियों को बाजरा, मक्का और सूरजमुखी के बीज दिए जा रहे हैं।

Created On :  

Tags

Next Story