शीत सत्र: छात्रों के भविष्य का सवाल - संविदा के भरोसे है नागपुर विद्यापीठ, 172 स्थायी प्राध्यापक पद पड़े खाली, 10 वर्ष से भर्ती नहीं

छात्रों के भविष्य का सवाल - संविदा के भरोसे है नागपुर विद्यापीठ, 172 स्थायी प्राध्यापक पद पड़े खाली, 10 वर्ष से भर्ती नहीं
  • पिछले 10 वर्षों से शिक्षकों और कर्मचारियों के नियमित पदों पर भर्ती नहीं हुई
  • रिक्त पदों का बैकलॉग लगातार बढ़ता गया
  • शिक्षण व्यवस्था संविदा नियुक्तियों पर निर्भर होती जा रही है

नागपुर, निखिल जनबंधू | राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ में पिछले 10 वर्षों से शिक्षकों और कर्मचारियों के नियमित पदों पर भर्ती नहीं हुई है। इस दौरान रिक्त पदों का बैकलॉग लगातार बढ़ता गया और अब शिक्षण व्यवस्था संविदा नियुक्तियों पर निर्भर होती जा रही है। स्थायी पद भरने में सरकार और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की लगातार अनदेखी का खामियाजा विद्यापीठ को भुगतना पड़ रहा है। सवाल यह है कि एक दशक में बढ़े इस बैकलॉग को दूर करने के लिए सरकार ने अब तक ठोस कदम क्यों नहीं उठाए?

सरकार की नीति पर सवाल

वर्तमान में पूर्णकालिक प्राध्यापकों के 255 स्वीकृत पदों में से 172 रिक्त हैं। यानी करीब 67 प्रतिशत पद खाली हैं। इसके बावजूद शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 139 संविदा सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति की गई है। पिछले सत्र में भी शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए संविदा नियुक्तियों का सहारा लिया गया था। इन शिक्षकों की नियुक्ति 30 अप्रैल 2027 तक की गई है और उन्हें 40 हजार रुपए प्रतिमाह मानधन दिया जाएगा। सीनेट सदस्य एड. मनमोहन बाजपेयी ने इस स्थिति के लिए सरकार की भर्ती नीति पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रिक्त पदों का बैकलॉग लगातार बढ़ रहा है और प्रशासन पर काम का दबाव है। संविदा शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन देने के लिए विद्यापीठ को अपने जनरल फंड से राशि खर्च करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि पद रिक्त रहने से शिक्षण और शोध प्रभावित हो रहे हैं। इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं कुलाधिपति, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री और कुलगुरु को पत्र भेजकर नियमित भर्ती जल्द शुरू करने की मांग की है।

अलग हुए विद्यापीठों के ढांचे

कुलसचिव डॉ. विजय खंडाल के अनुसार, नागपुर विद्यापीठ और लक्ष्मीनारायण प्रौद्योगिकी विद्यापीठ का शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय आकृतिबंध अलग करने का मामला करीब तीन साल से लंबित था। अब दोनों विद्यापीठों के ढांचे अलग कर दिए गए हैं। अगला चरण आरक्षण के अनुसार बिंदूनामावली तैयार करने और राज्य सरकार से वित्तीय मंजूरी लेने का है। इसमें दो से तीन महीने लगने का अनुमान है। इसके बाद भर्ती का विज्ञापन और नियुक्तियों की प्रक्रिया होगी।

248 शिक्षकीय पद

कुलसचिव डॉ. खंडाल के अनुसार, नागपुर विद्यापीठ में शिक्षकीय और गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों के कुल 1,092 पद हैं। इनमें करीब 248 शिक्षकीय पद हैं। पहले नागपुर विद्यापीठ और एलआईटी के पदों का ढांचा अलग-अलग नहीं था। अब दोनों संस्थानों का आकृतिबंध अलग कर दिया गया है। अगला चरण आरक्षण के अनुसार बिंदूनामावली तैयार करने का है। इसके बाद राज्य सरकार की वित्तीय मंजूरी मिलने पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। इसमें करीब दो से तीन महीने लगने का अनुमान है।

प्रशासन पर बढ़ रहा तनाव

नागपुर विद्यापीठ के सीनेट सदस्य एड. मनमोहन बाजपेयी ने कहा कि विद्यापीठ में पिछले 10 वर्षों से शिक्षकों और कर्मचारियों की पद भर्ती नहीं हुई है। इस कारण हर साल बैकलॉग बढ़ता जा रहा है। पद भर्ती नहीं होने से प्रशासन पर तनाव बढ़ रहा है। सरकार की ओर से भर्ती नहीं होने के कारण विद्यापीठ को अपने जनरल फंड से संविदा शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन देना पड़ रहा है।


Created On :  

Tags

Next Story