समयबद्ध जांच की मांग: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने के मामले में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने दर्ज कराई शिकायत

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने के मामले में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने दर्ज कराई शिकायत
  • नितिन नवीन के एक बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया
  • सत्तारूढ़ दल ने दिल्ली पुलिस के समक्ष आपराधिक शिकायत दर्ज कराई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के एक बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने के मामले में सत्तारूढ़ दल ने सोमवार को दिल्ली पुलिस के समक्ष आपराधिक शिकायत दर्ज कराया है। भाजपा दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में एक 6 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली पुलिस के मध्य जिला उपायुक्त से मुलाकात कर इस बाबत शिकायत पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली पुलिस से मांग की कि तत्काल उपयुक्त धाराओं के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच की जाए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बीते रविवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक सार्वजनिक जनसभा को संबोधित किया था। इस संबोधन की वास्तविक वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ छेड़छाड़ कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं डीपफेक तकनीक के माध्यम से एक भ्रामक और पूरी तरह मनगढ़ंत वीडियो तैयार किया गया, जिसमें नितिन नवीन के नाम से ऐसे बयान प्रसारित किए गए, जो उन्होंने अपने वास्तविक संबोधन में कभी दिए ही नहीं।

पुलिस उपायुक्त को शिकायत सौंपने के बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पुलिस शिकायत में स्पष्ट किया गया है कि सोशल मीडिया पर एक न्यूज ऐजेंसी की वास्तविक वीडियो कवरेज जैसी दिखने वाली रिकॉर्डिंग का दुरुपयोग करते हुए उसमें कथित रूप से ए.आई. आधारित डिजिटल छेड़छाड़ की गई। इसके माध्यम से भारत-चीन संबंधों, पाकिस्तान, शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सम्मेलन तथा भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस एमके-1 जैसे अत्यंत संवेदनशील राष्ट्रीय विषयों पर नितिन नवीन के नाम से झूठे और भ्रामक वक्तव्य गढ़कर प्रसारित किए गए। मल्होत्रा ने कहा की राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन तकनीक का दुरुपयोग कर किसी नेता के नाम से फर्जी भाषण गढ़ना और उसे वास्तविक बताकर प्रसारित करना किसी भी स्थिति में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में नहीं आ सकता।

Created On :  

Tags

Next Story