धोखाधड़ी: अलग-अलग मामलों का भांडाफोड़ - मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की नियुक्ति में फर्जीवाड़ा उजागर, बिटकॉइन सौदे में 12 लाख की लूट

अलग-अलग मामलों का भांडाफोड़ - मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की नियुक्ति में फर्जीवाड़ा उजागर, बिटकॉइन सौदे में 12 लाख की लूट
  • मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की नियुक्ति में फर्जीवाड़ा उजागर
  • बड़कस चौक में बिटकॉइन के नाम पर नकदी से भरा बैग लेकर फरार हुए आरोपी
  • दोनों मामलों में पुलिस ने दर्ज किए प्रकरण, जांच जारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। स्थानीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर महिला डॉक्टर की नियुक्ति का मामला उजागर हुआ है, वहीं बड़कस चौक में बिटकॉइन की खरीद-बिक्री के नाम पर 12 लाख रुपए की लूट की घटना हुई। दोनों मामलों में संबंधित पुलिस थानों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मेडिकल कॉलेज में फर्जी दस्तावेजों से नौकरी

स्थानीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ट्यूटर डेमोंस्ट्रेटर के पद पर कार्यरत चंदा हिरामनजी वानखेड़े (निवासी अंबिका नगर, नरसाला) की नियुक्ति में दस्तावेजों का फर्जीवाड़ा सामने आया है। कुछ महीने पहले उसकी कॉन्ट्रैक्ट बेस पर नियुक्ति हुई थी। अस्पताल प्रशासन की ओर से दस्तावेजों की जांच किए जाने पर नियुक्ति के लिए प्रस्तुत प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए। अस्पताल के क्लर्क किरण फड की शिकायत पर मंगलवार रात अजनी थाने में चंदा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेज कहां से तैयार करवाए थे और इसमें कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल है या नहीं।

बिटकॉइन के नाम पर 12 लाख का बैग छीना

दूसरी घटना बड़कस चौक में हुई। वर्धमान नगर निवासी सोनल राजकुमार कुंगवानी (26) और उसके रिश्तेदार भरत बलवानी बिटकॉइन की खरीद-बिक्री करते हैं। भरत ने इस लेनदेन के लिए सोनल के पास 12 लाख रुपए रखे थे। सोमवार को भरत और उसके भाई हितेश ने सोनल को फोन कर साहिल खान नामक व्यक्ति से बिटकॉइन खरीदने के लिए कहा।

सोनल अपने मित्र राजेश नांदकर के साथ नकदी लेकर बड़कस चौक पहुंचा। वहां साहिल और उसका साथी मिले। दोनों आरोपियों ने सोनल और राजेश को एक गली में ले जाकर नकदी दिखाने को कहा। जैसे ही उन्होंने रुपयों से भरा बैग दिखाया, आरोपियों ने उसे छीन लिया। इस दौरान हाथापाई भी हुई।

दोनों आरोपी बिना नंबर की दोपहिया से आए थे। पुलिस को संदेह है कि साहिल खान ने फर्जी नाम का इस्तेमाल किया हो सकता है। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Created On :  

Tags

Next Story