हाल-ए-बाजार: कम बारिश से ठंड नदारद, गरम कपड़ों का बाजार हुआ सुस्त, तिब्बतियन शरणार्थियों ने भी नहीं लगाई दुकानें

कम बारिश से ठंड नदारद, गरम कपड़ों का बाजार हुआ सुस्त, तिब्बतियन शरणार्थियों ने भी नहीं लगाई दुकानें
  • सीजन का अब तक महज 10 फीसदी कारोबार
  • ग्राहकों के इंतजार में व्यापारियों के चेहरों पर चिंता की लकीरें
  • तिब्बतियन शरणार्थियों ने भी नहीं लगाई दुकानें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। इस वर्ष मानसून के दौरान औसत से कम बारिश होने का सीधा असर अब मौसम के मिजाज और बाजार की रौनक पर दिखाई देने लगा है। नवंबर महीना खत्म होने में महज 5 दिन शेष हैं, लेकिन शहर में अब तक कड़ाके की ठंड नदारद है। गुलाबी ठंड की जगह दिन में सामान्य तापमान बने रहने के कारण बाजारों में गरम कपड़ों की बिक्री बुरी तरह प्रभावित हुई है। व्यापारियों के अनुसार, अब तक सीजन की कुल अपेक्षित बिक्री का केवल 10 प्रतिशत कारोबार ही हो पाया है। यही नहीं, मौसम के इसी बेरुखी भरे रुख को देखते हुए इस साल शहर में हर वर्ष आने वाले तिब्बतियन शरणार्थियों ने भी अब तक अपनी दुकानें नहीं लगाई हैं।

कारोबारियों की बढ़ी चिंता, करोड़ों का स्टॉक डंप

नागपुर में हर साल सर्दियों के सीजन में गर्म कपड़ों का कारोबार 50 से 100 करोड़ रुपए के बीच होता है, जिसके लिए मुख्य रूप से पंजाब और हरियाणा से माल मंगाया जाता है। शहर के प्रमुख बाजारों सीताबर्डी, इतवारी, महल और धरमपेठ के व्यापारियों ने स्वेटर, जैकेट, शॉल, मफलर और इनरवियर का भारी स्टॉक मंगा लिया था। होलसेल कारोबारी आनंद जैन ने बताया कि व्यापारियों को उम्मीद थी कि दिवाली के बाद ठंड जोर पकड़ेगी और बिक्री में तेजी आएगी, लेकिन नवंबर का आखिरी सप्ताह चलने के बावजूद लोग सामान्य सूती कपड़ों में ही नजर आ रहे हैं। बाजार में ग्राहकी न के बराबर होने से व्यापारियों की करोड़ों की पूंजी स्टॉक में फंस गई है।

तिब्बतियन मार्केट की रौनक गायब

हर साल नवंबर की शुरुआत में ही शहर में तिब्बतियन शरणार्थियों द्वारा ऊनी कपड़ों का बाजार सजाया जाता है, जहां खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है। लेकिन इस बार कम बारिश और देर से ठंड पड़ने के पूर्वानुमान के चलते तिब्बतियन व्यापारियों ने नागपुर का रुख नहीं किया है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि जब बाहर से आने वाले मौसमी व्यापारी ही बाजार लगाने से कतरा रहे हैं, तो इससे बाजार की सुस्ती का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

ग्रामीण क्षेत्रों से भी नहीं आ रहे ग्राहक

कम बारिश का असर विदर्भ के कृषि क्षेत्र और फसल उत्पादन पर भी पड़ा है। ग्रामीण इलाकों में फसलें प्रभावित होने से किसानों और खेतिहर मजदूरों की क्रय शक्ति कम हुई है। नागपुर के थोक बाजार में विदर्भ के आसपास के जिलों से आने वाले खुदरा व्यापारियों की संख्या भी इस बार काफी कम है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आसमान साफ रहने और उत्तरी हवाओं के कमजोर होने के कारण तापमान में अपेक्षित गिरावट दर्ज नहीं की जा रही है। फिलहाल व्यापारियों की नजरें दिसंबर के पहले सप्ताह पर टिकी हैं, ताकि तापमान गिरने के साथ बाजार में गरमाहट लौट सके।

Created On :  

Tags

Next Story