स्वयंसिद्धा-विजया: उपराष्ट्रपति ने कहा - संविधान निर्माण से लेकर उच्च शिक्षा तक बेटियों की मजबूत भागीदारी, दीक्षांत समारोहों में जीत रहीं ज्यादा गोल्ड मेडल

उपराष्ट्रपति ने कहा - संविधान निर्माण से लेकर उच्च शिक्षा तक बेटियों की मजबूत भागीदारी, दीक्षांत समारोहों में जीत रहीं ज्यादा गोल्ड मेडल
  • संविधान सभा में 15 महिलाओं ने निभाई थी अहम भूमिका
  • नागपुर विद्यापीठ में दो दिवसीय स्वयंसिद्धा-विजया राष्ट्रीय परिषद का उद्घाटन
  • विकसित भारत के लिए हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी जरूरी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। देश का संविधान बनाने में 15 महिलाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आज बेटियां उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। कई विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोहों में छात्राएं छात्रों से अधिक स्वर्ण पदक हासिल कर रही हैं। यह महिला शिक्षा में बढ़ती भागीदारी और उनकी उपलब्धियों का प्रमाण है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। यह विचार उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने व्यक्त किए। वे बुधवार को राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ की ओर से आयोजित प्रथम राष्ट्रीय परिषद ‘स्वयंसिद्धा-विजया’ के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। 25 और 26 नवंबर को आयोजित इस दो दिवसीय परिषद का उद्घाटन राजनगर स्थित नेशनल फायर सर्विस कॉलेज (एनएफएससी) के सभागृह में हुआ।


इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर, राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे, प्र-कुलगुरु डॉ. अखिलेश पेशवे, कुलसचिव डॉ. विजय खंडाल और स्वयंसिद्धा केंद्र की नोडल समन्वयक डॉ. शालिनी लिहितकर उपस्थित थीं।

महिला सशक्तीकरण से आगे बढ़कर महिला नेतृत्व में विकास जरूरी

उपराष्ट्रपति ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। महिला सशक्तीकरण केवल किसी एक संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सरकार, विश्वविद्यालय, उद्योग जगत, नागरिक समाज और परिवार सभी की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। अब महिला सशक्तीकरण से आगे बढ़कर महिलाओं के नेतृत्व में विकास की दिशा में कदम बढ़ाने की जरूरत है।


कार्यक्रम में कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर डॉ. उज्ज्वला चक्रदेव, पद्मश्री डॉ. कल्पना सरोज, डॉ. नीना गोगाडे, डॉ. प्रतिभा देसाई और डॉ. शालिनी लिहितकर को ‘स्वयंसिद्धा लीडरशिप अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।

9 साल में उच्च शिक्षा में छात्राओं का नामांकन 8 प्रतिशत बढ़ा

उपराष्ट्रपति ने अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वेक्षण के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि उच्च शिक्षा में छात्राओं का सकल नामांकन अनुपात 2014-15 में 23 प्रतिशत था, जो 2023-24 में बढ़कर 31 प्रतिशत से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर, तिरुवनंतपुरम, पुणे, भुवनेश्वर और पूर्वोत्तर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोहों में छात्राओं को छात्रों से अधिक स्वर्ण पदक हासिल करते देखना उत्साहजनक है। उन्होंने ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रही महिलाओं तक शिक्षा के अवसर पहुंचाने पर भी जोर दिया।

महाराष्ट्र को महिला सशक्तीकरण में अग्रणी बनाने का लक्ष्य : राज्यपाल

राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि महाराष्ट्र को महिला सशक्तीकरण के मामले में देश का अग्रणी राज्य बनाना है। इसके लिए महिलाओं की शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा, कौशल विकास और नेतृत्व में भागीदारी बढ़ानी होगी। उन्होंने कहा कि ‘स्वयंसिद्धा’ पहल के तहत विश्वविद्यालयों को छात्राओं के लिए डिजिटल साक्षरता, कानूनी जागरूकता, स्वास्थ्य, करियर मार्गदर्शन और उद्यमिता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित करनी चाहिए। इनका लाभ केवल कॉलेजों तक सीमित न रहकर आसपास के स्कूलों और समुदायों तक भी पहुंचना चाहिए।

Created On :  

Tags

Next Story