पुराने बकाया चालान: ट्रैफिक चालान पर मिलेगी 20% की छूट, 1 दिसंबर से लागू हो सकती है अभय योजना, निपटारे के लिए दो चरणों में मिलेगी राहत

ट्रैफिक चालान पर मिलेगी 20% की छूट, 1 दिसंबर से लागू हो सकती है अभय योजना, निपटारे के लिए दो चरणों में मिलेगी राहत
  • ई-चालान से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता से निपटारा करने के निर्देश
  • नागपुर समेत राज्य के प्रमुख शहरों में होगी लागू
  • पुराने बकाया चालानों के निपटारे के लिए दो चरणों में मिलेगी राहत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर जारी चालानों का बोझ झेल रहे वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। महाराष्ट्र सरकार राज्यभर में 'महाराष्ट्र ट्रैफिक पुलिस चालान अभय योजना-2026' लागू करने की तैयारी में है। इसके तहत पात्र ट्रैफिक चालानों की समझौता राशि में 20% की छूट देने का प्रस्ताव है। राज्य मंत्रिमंडल ने हाल ही में हुई बैठक में योजना को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इसे 1 दिसंबर 2026 से लागू करने पर विचार किया जा रहा है। योजना के संभावित क्रियान्वयन को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात), महाराष्ट्र राज्य, मुंबई के कार्यालय ने राज्य के सभी पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और महामार्ग पुलिस अधीक्षकों को ई-चालान से संबंधित ऑनलाइन शिकायतों का प्राथमिकता से निपटारा करने के निर्देश दिए हैं।

समेत इन शहरों में लागू होगी योजना

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह योजना मुंबई, ठाणे, पुणे, नागपुर, नासिक, अमरावती, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, पिंपरी-चिंचवड़ और मीरा-भायंदर-वसई-विरार सहित राज्य के विभिन्न शहरों और ग्रामीण पुलिस क्षेत्रों में लागू करने की तैयारी है। इसके दायरे में महामार्ग पुलिस के संबंधित परिक्षेत्र भी शामिल होंगे। हालांकि, योजना के तीसरे चरण का विस्तृत स्वरूप और अंतिम कार्यान्वयन संबंधी शर्तें अभी सामने आना बाकी हैं। फिलहाल वाहन चालकों की नजर सरकार की आधिकारिक घोषणा पर टिकी है। प्रस्तावित तारीख से योजना लागू होने पर पुराने बकाया चालानों से परेशान हजारों वाहन मालिकों को आर्थिक राहत मिल सकती है। साथ ही यातायात पुलिस को भी लंबित चालानों की वसूली में मदद मिलेगी।

योजना का मुख्य उद्देश्य

योजना का प्रमुख उद्देश्य लंबे समय से बकाया ट्रैफिक चालानों की वसूली आसान बनाना और वाहन मालिकों को आर्थिक राहत देना है। इसके लिए योजना को तीन चरणों में लागू करने की रूपरेखा तैयार की गई है। शुरुआती दो चरणों में पात्र वाहन चालकों को 20% तक की छूट देने का प्रावधान है। सरकार की मंशा है कि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें और चालान संबंधी विवादों के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे।

पहला चरण : पुराने बकाया चालानों पर एकमुश्त छूट

योजना के पहले चरण में एकमुश्त छूट (वन टाइम कंसेशन) देने का प्रावधान है। इसके तहत 21 जनवरी 2026 से 30 नवंबर 2026 के बीच जारी किए गए ऐसे पात्र चालान, जिनकी राशि योजना शुरू होने की तारीख तक बकाया रहेगी, उनकी कुल समझौता राशि पर 20% की छूट मिलेगी। यानी निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले वाहन चालक पुराने चालानों का भुगतान कम राशि में कर सकेंगे। यह सुविधा विशेष अवसर के रूप में एक बार ही उपलब्ध होगी।

दूसरा चरण : 45 दिनों में भुगतान पर मिलेगी छूट

योजना के दूसरे चरण में तत्काल भुगतान योजना यानी 'अर्ली बर्ड स्कीम' लागू करने का प्रस्ताव है। इसके तहत 1 दिसंबर 2026 से 30 नवंबर 2027 के बीच जारी होने वाले पात्र चालानों पर छूट का लाभ मिलेगा। संबंधित वाहन चालक, वाहन धारक अथवा पंजीकृत मालिक को चालान जारी होने की तारीख से 45 दिनों के भीतर निर्धारित राशि सरकारी खाते में जमा करनी होगी। तय समयसीमा में भुगतान करने पर देय राशि में 20% की छूट मिलेगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य वाहन चालकों को समय पर चालान भरने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि भविष्य में बकाया चालानों का बोझ न बढ़े।

शिकायतों के निपटारे में देरी से अटक सकता है लाभ

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ई-चालान से जुड़ी ऑनलाइन शिकायतों का निपटारा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कई बार वाहन चालकों को गलत चालान जारी होने, वाहन नंबर में त्रुटि अथवा अन्य तकनीकी कारणों से परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं होने पर संबंधित नागरिक योजना का लाभ लेने से वंचित रह सकते हैं।

इसी आशंका को देखते हुए यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी संबंधित इकाइयों को ऑनलाइन शिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में 23 नवंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) डॉ. सुनील भारद्वाज (आईपीएस) ने राज्य के पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Created On :  

Tags

Next Story