अलग-अलग मामले: पुलिस अधिकारी के घर से 2.64 लाख के गहने चोरी, तो भांडेवाड़ी में गांजा बेचते युवक गिरफ्तार

पुलिस अधिकारी के घर से 2.64 लाख के गहने चोरी, तो भांडेवाड़ी में गांजा बेचते युवक गिरफ्तार
  • ड्रेसिंग टेबल की चाबी से खोला लॉकर, घर से आभूषणों का बॉक्स गायब
  • न्यू सूरज नगर में छापा, 1.272 किलो गांजा
  • देसी कट्टा और कुल्हाड़ियां जब्त, नाबालिग भी पकड़ाया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में चोरी और नशे के कारोबार से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। मानकापुर थाना क्षेत्र में एक पुलिस अधिकारी के घर से अज्ञात चोर ने 2.64 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। वहीं, भांडेवाड़ी पुलिस ने न्यू सूरज नगर में गांजा बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके साथ एक विधि संघर्षग्रस्त बालक भी मिला। पुलिस ने मौके से गांजा, देसी कट्टा और दो कुल्हाड़ियों सहित करीब 20,170 रुपये का माल जब्त किया है।

ड्रेसिंग टेबल की चाबी से खोला लॉक

मानकापुर पुलिस थाना क्षेत्र के प्रशांत नगर स्थित सीआईडी कार्यालय के पास प्लॉट नंबर 40 में रहने वाले पुलिस अधिकारी जॉन्सन ज्युवेल मानवेल (57) के घर में 12 से 24 नवंबर के बीच चोरी हुई। मानवेल ने 12 नवंबर की रात सोने-चांदी के आभूषण एक बॉक्स में रखकर ड्रेसिंग टेबल के ड्रॉवर में बंद कर दिए थे। हालांकि, लॉक की चाबी उन्होंने ड्रेसिंग टेबल पर ही रख दी थी। 24 नवंबर की रात दोस्त की बेटी की शादी में जाने के लिए जब उन्होंने आभूषण निकालने के लिए ड्रॉवर खोला तो बॉक्स गायब मिला। जांच में पता चला कि किसी ने चाबी से लॉक खोलकर गहने चुरा लिए। बॉक्स में करीब 2.64 लाख रुपये के आभूषण थे। घर में काम करने वाली नौकरानी और अन्य परिचितों से पूछताछ के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने 25 नवंबर को मानकापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 के तहत मामला दर्ज किया है। घर में आने-जाने वाले करीबियों पर भी संदेह जताया जा रहा है।

टीन शेड में चल रहा था गांजे का कारोबार

दूसरी घटना भांडेवाड़ी के न्यू सूरज नगर की है। 25 नवंबर की रात गश्त के दौरान डीबी स्क्वाड को सूचना मिली कि एक युवक घर के सामने बने टीन शेड में गांजा बेच रहा है। पुलिस ने रात 9.45 से 11.25 बजे के बीच छापा मारकर सूरज संजय खोब्रागड़े (32) और एक विधि संघर्षग्रस्त बालक को पकड़ा। तलाशी में 1 किलो 272 ग्राम गांजा, दो लोहे की कुल्हाड़ियां, छर्रे चलाने वाला देसी कट्टा, इलेक्ट्रिक वजन कांटा, लाइटर टॉय गन और छर्रों का पैकेट बरामद हुआ। जब्त माल की कुल कीमत करीब 20,170 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आर्थिक लाभ के लिए गांजा बिक्री के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए थे। सूरज को गिरफ्तार किया गया, जबकि नाबालिग को अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया। भांडेवाड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे जांच की जा रही है।

Created On :  

Tags

Next Story