संविधान दिवस: उपराष्ट्रपति ने कहा - संविधान राष्ट्र की जीवंत आत्मा, बिरला ने राष्ट्रीय एकता की आधारशिला बताया

उपराष्ट्रपति ने कहा - संविधान राष्ट्र की जीवंत आत्मा, बिरला ने राष्ट्रीय एकता की आधारशिला बताया
  • 22 अनुसूचित भाषाओं में संविधान के नए संस्करणों का विमोचन, मातृभाषा में संवैधानिक अधिकारों की समझ होगी आसान
  • लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता की आधारशिला है संविधान : बिरला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में संविधान के नए संस्करणों का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी ढांचा नहीं, बल्कि राष्ट्र की जीवंत आत्मा है। सभी अनुसूचित भाषाओं में संविधान की उपलब्धता भारत की भाषाई विविधता और लोकतांत्रिक समावेशिता का उत्सव है। विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि मातृभाषा में संविधान उपलब्ध होने से नागरिक शासन व्यवस्था, अपने संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों और मूल्यों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। उन्होंने संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी.आर. आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राधाकृष्णन ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता में निहित है। भाषाएं केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और पहचान की वाहक भी हैं। उन्होंने सभी भारतीय भाषाओं के प्रति परस्पर सम्मान का भाव रखने पर जोर दिया।

लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता की आधारशिला है संविधान : बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संविधान दिवस पर ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष में युवा प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान देश का सर्वोच्च कानून होने के साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और सामूहिक आकांक्षाओं का आधार है। इसने विविधताओं के बीच देश की एकता बनाए रखते हुए विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को दिशा दी है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने वैचारिक मतभेदों के बावजूद समायोजन और आम सहमति की भावना से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। संविधान ने सुदृढ़ संसदीय लोकतंत्र की नींव रखी और देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया। बिरला ने युवाओं से आह्वान किया कि वे संविधान को केवल पढ़ने तक सीमित न रखें, बल्कि उसके आदर्शों को अपने विचारों, आचरण और दैनिक जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों के अधिकारों के साथ-साथ उनके कर्तव्यों और राष्ट्रीय दायित्वों के निर्वहन पर भी निर्भर करती है। युवाओं को संविधान के आदर्शों और परिवर्तन की भावना को देश के कोने-कोने तक पहुंचाना चाहिए।

Created On :  

Tags

Next Story